बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है। जनसुराज पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। जनसुराज छोड़ बीजेपी में शामिल होने वालों में बिट्टू सिंह और केसी सिन्हा का नाम सबसे अहम है।
संजय सरावगी ने पार्टी में किया स्वागत
राजधानी पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान जनसुराज पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
कई बड़े चेहरों ने दिया जनसुराज को बड़ा झटका
भाजपा में शामिल होने वालों में सबसे चर्चित नाम दीघा विधानसभा सीट से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे बिट्टू सिंह का है। इसके अलावा जाने-माने शिक्षक और कुम्हरार विधानसभा सीट से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे केसी सिन्हा ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। बिट्टू सिंह के साथ उनकी पत्नी विनीता बिट्टू सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं। विनीता बिट्टू सिंह मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं। वहीं जनसुराज के मनेर विधासभा प्रत्याशी रह चुके गोपाल सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ीं
बता दें कि दोनों नेता अपने-अपने क्षेत्रों में जनसुराज का मुख्य चेहरा थे और विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतर चुके थे। इन दोनों प्रमुख चेहरों के अचानक भाजपा में चले जाने से जनसुराज का सांगठनिक ढांचा इन क्षेत्रों में कमजोर हुआ है। उपचुनाव से ठीक पहले उनके और बिट्टू सिंह जैसे नेताओं के पाला बदलने से अब चुनावी मैदान में प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं।

