माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम, चाईबासा-मनोहरपुर मार्ग पर मिला शक्तिशाली IED, सुरक्षा बलों ने किया डिफ्यूज

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों की मुस्तैदी ने माओवादियों के एक बड़े हमले की योजना को विफल कर दिया है। गुरुवार सुबह चाईबासा-मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर टोंटोगाढ़ा गांव के समीप माओवादियों द्वारा बिछाया गया एक शक्तिशाली IED बरामद किया गया। पुलिस और CRPF की संयुक्त कार्रवाई ने समय रहते खतरे को टाल दिया।

गश्ती दल को निशाना बनाने की थी तैयारी
सूत्रों के अनुसार, माओवादियों ने सुरक्षा बलों के गश्ती दल को बड़ा नुकसान पहुंचाने के इरादे से सड़क किनारे इस विस्फोटक को छिपाया था। गुप्त सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और टोंटोगाढ़ा के पास सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

ढाई घंटे थमी रही सड़कों की रफ्तार
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने सुबह करीब 9:30 बजे इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी। घेराबंदी के कारण लगभग दो घंटे तक सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। बम निरोधक दस्ते ने सावधानी बरतते हुए IED को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया, जिसके बाद ही मार्ग को दोबारा आम जनता के लिए खोला गया।

एसपी अमित रेणु का बयान
इस मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि चाईबासा-मनोहरपुर मार्ग पर टोंटोगाढ़ा के पास विस्फोटक लगाया गया है। सुरक्षा बलों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। बम को नष्ट कर दिया गया है और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

सर्च ऑपरेशन हुआ तेज
इस घटना के बाद सारंडा के जंगलों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। माओवादियों की धरपकड़ के लिए पुलिस और CRPF की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इलाके में फिलहाल हाई अलर्ट जारी है।

Share This Article