धनबाद में बिना वैध दस्तावेज के कोयला ट्रांसपोर्टिंग का बड़ा खेल! जिला प्रशासन की कार्रवाई में 2 दिनों में 40 हाईवा जब्त

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। जिले में अवैध कोयला कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा और कस दिया है। एक ओर जहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) अवैध खनन के खिलाफ लगातार छापेमारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन ने अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पिछले दो दिनों में बीसीसीएल क्षेत्र की विभिन्न साइडिंगों से करीब 40 हाइवा और एक कैंपर वाहन को जब्त किया गया है।

संयुक्त अभियान में कई वाहन पकड़े गए

जिला परिवहन विभाग और जिला खनन विभाग की संयुक्त टीम ने बीसीसीएल की विभिन्न साइडिंगों पर औचक जांच अभियान चलाया। बुधवार को बीएनआर साइडिंग से 8 हाइवा और बोरागढ़ साइडिंग से 11 हाइवा पकड़े गए। वहीं गुरुवार को धर्माबांध थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुर साइडिंग में कार्रवाई करते हुए करीब 20 हाइवा जब्त किए गए। इस दौरान एक कैंपर वाहन को भी कब्जे में लिया गया।

जांच में खुलीं कई अनियमितताएं

जांच के दौरान कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। कई वाहनों के पास राज्य सरकार द्वारा अनिवार्य खनिज चालान और माइनिंग चालान नहीं था। जिन वाहनों के पास चालान मौजूद था, उनमें भी कोयले का वजन दर्ज नहीं पाया गया।

इसके अलावा पर्यावरणीय मानकों का भी खुला उल्लंघन मिला। कई हाइवा बिना तिरपाल के कोयला परिवहन करते पाए गए, जबकि कई वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र भी वैध नहीं था। अधिकारियों ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रशासन का साफ संदेश—नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेजों के कोयला ढुलाई, पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी और अन्य अनियमितताओं में शामिल वाहन संचालकों व संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अवैध कोयला नेटवर्क पर बढ़ता दबाव

धनबाद में लगातार हो रही कार्रवाई से यह साफ संकेत मिल रहा है कि प्रशासन अब अवैध कोयला कारोबार की पूरी श्रृंखला पर एक साथ प्रहार कर रहा है। एक ओर सीआईएसएफ अवैध खनन पर कार्रवाई कर रही है, तो दूसरी ओर जिला प्रशासन परिवहन व्यवस्था में फैली अनियमितताओं पर शिकंजा कस रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क पर इस अभियान का व्यापक असर देखने को मिल सकता है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....