जादूगोड़ा वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी: राखामाइंस स्टेशन पर अब रुकेगी उत्कल एक्सप्रेस, रेल मंत्रालय ने दी हरी झंडी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा क्षेत्र के लोगों के लिए रेल मंत्रालय से एक बड़ी और राहत भरी खबर आई है। राखामाइंस रेलवे स्टेशन पर अब उत्कल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18477 और 18478) का ठहराव सुनिश्चित हो गया है। काफी समय से की जा रही इस मांग को रेलवे बोर्ड ने आधिकारिक मंजूरी दे दी है।

कोरोना काल से बंद था ठहराव
आपको बता दें कि कोरोना महामारी से पहले राखामाइंस स्टेशन पर मुंबई मेल जैसी प्रमुख ट्रेनों का ठहराव होता था, लेकिन लॉकडाउन के बाद इन ट्रेनों का रुकना बंद हो गया था। इससे जादूगोड़ा और आसपास के ग्रामीणों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयासों को मिली सफलता
इस उपलब्धि का श्रेय सांसद विद्युत वरण महतो को दिया जा रहा है। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की जनता की समस्याओं को रखा था और उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की थी। रेल मंत्री ने इस पर संज्ञान लेते हुए अपनी आधिकारिक मुहर लगा दी है।

क्षेत्र में खुशी की लहर
इससे जादूगोड़ा मंडल और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव का माहौल है। स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत किया है। बीजेपी के स्थानीय पदाधिकारियों ने इस पहल के लिए रेल मंत्री और सांसद का आभार व्यक्त किया है। धन्यवाद देने वालों में मुख्य रूप से जिला मंत्री रोहिता सिंह, परमार, जादुगोड़ा मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह, सुशील अग्रवाल, उज्ज्वल गुप्ता, वरुण सिंह और अन्य शामिल हैं। बता दे कि उत्कल एक्सप्रेस पुरी से ऋषिकेश के बीच चलती है। राखामाइंस पर इसके ठहराव से अब स्थानीय लोगों को सीधे ओडिशा और उत्तर भारत की यात्रा करने में बड़ी सुविधा होगी।

Share This Article