हजारीबाग में ड्रग्स तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

हजारीबाग। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 10,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सिमरा रेस्ट हाउस के समीप पेट्रोल पंप के पीछे अवैध रूप से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद के निर्देशन में, डीएसपी प्रशांत कुमार की मौजूदगी में एक विशेष टीम का गठन किया गया और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर जब तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ईचाक क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग शहर के विभिन्न इलाकों में छोटी-छोटी पुड़ियों में 300 से 500 रुपये में बेचता था।

इस मामले में सदर (बड़ा बाजार) थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. एजाज (30 वर्ष), पिता मो. उस्मान, निवासी यासिन गली, खिरागांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश जारी है और जल्द ही और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। छापेमारी दल में एसडीपीओ अमित आनंद, डीएसपी प्रशांत कुमार, बड़ा बाजार ओपी प्रभारी पंकज कुमार, गौतम उरांव समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....