पलामू में अवैध हथियारों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, घर से दो लोडेड देसी कट्टा और 5 जिंदा कारतूस बरामद

KK Sagar
2 Min Read

छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार, ₹8 हजार नकद समेत कई सामान जब्त

पलामू: जिले के पांडु थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रतनाग गांव से दो लोडेड देसी कट्टा, .315 बोर के पांच जिंदा कारतूस, दो खोखा, 8 हजार रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस को 2 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि पांडु थाना क्षेत्र के रतनाग गांव निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, पिता बालमुकुंद सिंह, के घर में अवैध हथियार रखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान अमित कुमार सिंह घर के बाहर खड़ा था। पुलिस बल को देखते ही वह मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा।

इसके बाद आरोपी के पिता बालमुकुंद सिंह की मौजूदगी में ई-साक्ष्य के तहत पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे में दीवान पलंग के सिरहाने बने बॉक्स में रखे एक सफेद प्लास्टिक कैरी बैग से दो लोडेड देसी कट्टा, .315 बोर के पांच जिंदा कारतूस, दो खोखा, दो काले गमछे और 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....