Bihar: उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में इस्तीफों की झड़ी, एक साथ पार्टी के 8 नेताओं ने दिया इस्तीफा

Neelam
By Neelam
4 Min Read

उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को बड़ा झटका लगा है। आज आरएलएम के आठ नेताओं ने एक साथ इस्तीफा दे दिया। उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनंत कुमार गुप्ता सहित आठ नेताओं ने एक साथ अपना इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही इन नेताओं ने सीएम नीतीश की पार्टी जदयू में शामिल होने का भी ऐलान किया है।

इन नेताओं ने दिया इस्तीफा

इस्तीफा देने वालों में व्यवसायिक प्रकोष्ठ के बड़े नेता प्रदेश अध्यक्ष अनंत कुमार गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश प्रसाद, उपाध्यक्ष शिवचंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष मोहनलाल, मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता अजय कुमार बिट्टू, महासचिव गोपाल प्रसाद और गोपालगंज के जिलाध्यक्ष बासुकीनाथ गुप्ता के अलावा पटना पूर्वी के जिलाध्यक्ष शशि किशोर साह शामिल हैं।

स्वाभिमान से समझौता कर पार्टी में रहना असंभव- अनंत कुमार

प्रदेश अध्यक्ष अनंत कुमार ने मीडिया से कहा कि एक सप्ताह पूर्व ही पार्टी की प्रदेश कमेटी को भंग कर दिया गया है। लगातार पार्टी के सभी नेताओं में मायूसी है। जिस नीति एवं सिद्धांतों को देखते हुए पार्टी में हम लोग शामिल हुए थे वह पार्टी आज अपने सिद्धांतों एवं नीतियों से भटक चुकी है। पार्टी की विचारधारा समाप्त हो गई है। ऐसी स्थिति में स्वाभिमान के साथ समझौता कर पार्टी में रहना संभव नहीं है।

“आरएलएम बनी राजद की तरह परिवारवाद वाली पार्टी

उपाध्याय शिवचंद्र प्रसाद ने कहा कि, पार्टी के मुखिया उपेंद्र कुशवाहा ने जिस तरह से बिहार चुनाव में अपनी पत्नी को टिकट दिया और विधायक बनाया। फिर अपने बेटे को मंत्री बनाया। यह साफ दिखाता है कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा अब राजद की तरह परिवारवाद वाली पार्टी बन गई है। इसलिए हम लोगों ने नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में शामिल होने का मन बनाया है। 20 साल से वह प्रदेश के मुखिया हैं और सभी वर्ग के लोगों के लिए उन्होंने काम किया है। मुख्यमंत्री ने कभी भी परिवारवाद को बढ़ावा नहीं दिया है।

तीन विधायकों के भी नाराज होने की खबर

इससे पहले बुधवार को कुशवाहा के आवास पर बुधवार को लिट्टी-चोखा की पार्टी रखी गई, इसमें तीन विधायक माधव आनंद, रामेश्वर महतो और आलोक सिंह शामिल नहीं हुए। हालांकि आरएलएम के ये तीनों विधायक भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करने पहुंचे थे। इसके बाद बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया।

आरएलएम में इस्तीफों की झड़ी

बता दें कि नई सरकार बनने के बाद अभी कुछ दिनों पहले ही पार्टी (आरएलएम) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे जितेंद्र नाथ पटेल और राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे राहुल कुमार ने इस्तीफा दे दिया था। अब आठ और नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। कहीं न कहीं यह कुशवाहा के लिए बड़ा झटका है।

बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाने के बाद बगावत

उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश नेतृत्व में एनडीए की बिहार सरकार में अपने बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनवाया है। इसी को लेकरआरएलएम में बगावत शुरू हो गई। धीरे-धीरे पार्टी में असंतोष उभरा और एक-एक कर पार्टी के नेता अपना इस्तीफा देने लगे। कुशवाहा ने इस डैमेज को कंट्रोल करने के लिए पार्टी की प्रदेश इकाई समेत सभी प्रकोष्ठों और जिला इकाइयों को भंग कर दिया था, लेकिन पार्टी से नेताओं के इस्तीफे का सिलसिला अभी भी जारी है।

Share This Article