Bihar: स्त्री को नीचा दिखाकर…सावित्रीबाई फुले के बहाने रोहिणी आचार्य ने अब किसपर बोला हमला?

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पारिवारिक कलह और सियासी खींचतान के बीच राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य अपने सोशल मीडिया पोस्ट के कारण एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार उनकी चर्चा का कारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किया गया एक बेहद तीखा और वैचारिक पोस्ट है। रोहिणी ने देश की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर महिलाओं के अधिकारों और उनके आत्मसम्मान को लेकर अपनी बात रखी। जिसके बाद प्रदेश का सियासी पारा हाई हो गया है।

रोहिणी के निशाने पर कौन?

रोहिणी आचार्य ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘खुशी हुई देखकर कि कल पूरा देश सावित्रीबाई फुले की जयंती मना रहा था। कहीं पढ़ी थी सावित्री माई कहती हैं- स्त्री को नीचा दिखाकर जो मर्द ऊंचा लगता है, वह असल में खड़ा नहीं, टिका हुआ है। और ऐसे टिके हुए तिनकों को बरगद समझने वालों के लिए उन्होंने कहा था- स्त्री को पापी बताने वाला समाज, अपने पाप छुपाना चाहता है।’ रोहिणी के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं कि आखिर उनके निशाने पर कौन है।

सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं रोहिणी

इससे पहले रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर अपने एक पोस्ट के जरिए अपने मन की बात शेयर की थी। पिछले दिनों उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करने को लेकर भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था, ‘सुशासन बाबू का विकास मॉडल। करोड़ों लोगों के मसीहा लालू प्रसाद यादव का अपमान करना पहली प्राथमिकता। घर से तो निकाल देंगे, बिहार की जनता के दिल से कैसे निकालिएगा? सेहत नहीं तो कम से कम लालू के राजनीतिक कद का ही सम्मान रखते।’

विधानसभा चुनाव के बाद बिखरा लालू परिवार

विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद लालू परिवार में भूचाल आ गया था। 15 नवंबर को रोहिणी आचार्य ने एक्‍स पर पोस्‍ट करके बताया था कि वह परिवार और राजनीत‍ि दोनों से नाता तोड़ रही हैं। इसके बाद उन्‍होंने राबड़ी आवास, 10 सर्कुलर रोड छोड़ दिया था। बाद में मीडिया से बात करते हुए उन्‍होंने बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और अपने भाई तेजस्‍वी यादव के करीबी संजय यादव और रमीज पर लालू परिवार में कलह के लिए आरोप लगाया था।

Share This Article