राष्ट्रीय जनता दल और लालू परिवार से अलग किए गए जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव क बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनके लव रिलेशनशिप की चर्चा ने हंगामा खड़ा कर दिया। दावा किया जा रहा है कि उनकी कथिक गर्लफ्रेंड रहीं अनुष्का यादव ने एक बच्चे को जन्म दिया। जबकि तेज प्रताप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐसी खबरों को अफवाह बताया और सिरे से नाकार दिया। साथ ही अनुष्का से किसी भी तरह के रिश्ते से इनकार कर दिया।
अनुष्का से किसी भी संबंध से इनकार
रविवार दोपहर यह चर्चा तेज हो गई कि तेज प्रताप यादव को पुत्री हुई है और अनुष्का यादव ने एक बच्ची को जन्म दिया है। जिसके बाद रात करीब 8:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तेज प्रताप यादव ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि अनुष्का से उन्हें बेटी होने की बात पूरी तरह अफवाह है और अनुष्का से उनका कोई संबंध नहीं है।
तेज प्रताप बोले- फांसी लगाने तक की नौबत आ गई
सात ही तेज प्रताप ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई बड़े खुलासे किए। तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें बदनाम कर घर से निकाल दिया गया और हालत ऐसी हो गई थी कि वे डिप्रेशन में चले गए और फांसी लगाने तक की नौबत आ गई। साथ ही राजद से जुड़े पांच लोगों को नाम लिए। जिन पर अनुष्का संग फोटो वायरल करने, परिवार और पार्टी से निकलवाने की साजिश का आरोप लगाया।
पांच जयचंदों के गिनाए नाम
तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर उनकी तस्वीरें वायरल की गईं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में उनके साथ जो कुछ भी हुआ और जिन वजहों से उन्हें परिवार से अलग किया गया, उसके पीछे साजिश रचने वाले यही “जयचंद” हैं। उन्होंने साजिशकर्ताओं के नाम और क्रम भी बताए। कहा नंबर एक: महुआ के पूर्व विधायक मुकेश रौशन, नंबर दो:संजय यादव, नंबर तीन: रमीज , नंबर चार: शक्ति सिंह यादव, नंबर पांच: सुनील सिंह।
हत्या करवाने की कोशिश की गंभीर आरोप
तेज प्रताप यादव ने खुलासा करते हुए बताया कि पांच जयचंद- आरजेडी के पूर्व विधायक मुकेश रोशन, राज्यसभा सांसद संजय यादव, तेजस्वी यादव के करीबी सहयोगी रमीज, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और एमएलसी सुनील सिंह ने मिलकर बदनाम किया। तेज प्रताप ने यह भी दावा किया कि महुआ पूर्व विधायक मुकेश रोशन ने तो उनकी हत्या करवाने की कोशिश की थी।
पिता की तरह उन्हें फंसाने की साजिश-तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव ने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह उनके पिता लालू प्रसाद यादव को झूठे मुकदमों में फंसाया गया था, उसी तरह उन्हें भी बदनाम करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ वे अदालत जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
पिता का आशीर्वाद देना “जयचंदों” को रास नहीं आया-तेज प्रताप
दही-चूड़ा भोज का जिक्र करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि उस दिन उनके पिता उन्हें आशीर्वाद देने आए थे, लेकिन यह बात “जयचंदों” को रास नहीं आई। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा,“क्या वे चाहते हैं कि मैं बंद कमरे में आत्महत्या कर लूं?”
कौन हैं आकाश भाटी ?
तेज प्रताप ने कहा कि आकाश भाटी कौन है जो गोला रोड में रहता है। यह मुकेश रौशन या सुनील सिंह बताएं। तेज प्रताप यादव ने आकाश भाटी पर अनुष्का से संबंध का दावा किया। उन्होंने कहा, यह भी हमको बदनाम करने में शामिल है। हमारे साथ अनुष्का का नाम जोड़ा जा रहा है। आकाश भाटी से उसका रिलेशन है। हमको फंसाया जा रहा है।

