Bihar: बिहार में बुलेट पर निकले राहुल और प्रियंका गांधी, दरभंगा से मुजफ्फरपुर पहुंचे भाई-बहन

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के 11वें दिन की शुरूआत दरभंगा से हुई। प्रियंका गांधी को बुलेट पर बिठाकर राहुल जनता के बीच उतरे। राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ बाइक पर सवार नजर आए। राहुल गांधी ने दरभंगा में लगभग 30 किलोमीटर की दूरी तय की। इसके बाद उनका काफिला मुजफ्फरपुर की ओर रवाना हुआ।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

बाइक रैली का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि प्रियंका गांधी राहुल गांधी के बाइक पर हेलमेट पहनकर बैठीं हैं। इस वीडियो को कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर शेयर कर लिखा है- हमारे हौसले देखकर तूफानों ने रास्ता बदल लिया।

एम के स्टालिन भी वोटर अधिकार यात्रा में हुए शामिल

बाइक पर सवार भाई-बहन की जोड़ी मुजफ्फरपुर पहुंची, जहां राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। उनका काफिला सीधे गायघाट पहुंचा, जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पहले से मौजूद थे। इस दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने मिलकर स्टालिन का गर्मजोशी से स्वागत किया। कांग्रेस और महागठबंधन के नेताओं ने इस मौके पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है और सही समय पर जवाब देगी।

स्टालिन के बिहार दौरे पर नीतीश मिश्रा का हमला

बिहार के उद्योग मंत्री और बीजेपी नेता नीतीश मिश्रा ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के बिहार आगमन पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन ऐसे लोगों को बिहार बुला रहा है, जिन्होंने हमेशा बिहार और बिहारियों का अपमान किया है। नीतीश मिश्रा ने सवाल उठाया, आश्चर्य होता है कि जिनकी आत्मा कभी बिहारियों के सम्मान को ठेस पहुंचाती रही, वे अब बिहार आने के लिए कैसे तैयार हो गए? बिहार के लोग आत्मसम्मान के लिए जीते हैं और सब कुछ सह सकते हैं लेकिन अपमान नहीं। उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी। बिहार के लोग समझ रहे हैं कि कौन उनका सम्मान करता है और कौन अपमान। आने वाले दिनों में जनता सबक सिखाने में देर नहीं करेगी।

Share This Article