Bihar: तेजस्वी की सोशल मीडिया पर वापसी, आते ही बीजेपी पर हमला, बिहार की महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर घेरा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद से राज्य के राजनीतिक परिदृश्य से लगभग ‘गायब’ चल रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया पर वापसी की है। हर दिन सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर हमला बोलने वाले तेजस्वी बिहार चुनाव के बाद से खामोश हो गए थे लेकिन अब एक बार फिर से वह एक्टिव होते दिख रहे हैं। शुक्रवार को बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला किया।

उत्तराखंड के बीजेपी नेता का वीडियो शेयर किया

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक ट्विट शेयर कर उत्तराखंड के एक बीजेपी नेता की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बीजेपी की सोच पर सवाल खड़े किए। तेजस्वी यादव ने उत्तराखंड के एक बीजेपी नेता का 39 सेकंड का वीडियो शेयर किया, जिसमें महिलाओं और बिहार को लेकर कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक बातें कही गई हैं।

महिलाओं और बिहार के प्रति जहरीली सोच-तेजस्वी

वीडियो साझा करते हुए तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बीजेपी की सोच महिलाओं और बिहार के प्रति शुरू से ही जहरीली रही है। उन्होंने लिखा कि पहले महिलाओं के वोट खरीदने की बात की गई और अब बिहार से लड़कियों को पैसे देकर लाने जैसे बयान दिए जा रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है.

संजय सरावगी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी

वहीं, जब इस मुद्दे के बारे में बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी से सवाल किया गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और मुस्कुराते हुए चले गए। हालांकि, बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने उत्तराखंड के नेता के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार में एक मंत्री के पति की ओर से दिया गया बयान शर्मनाक और मानसिक दिवालियापन का संकेत है। महिलाएं कोई वस्तु नहीं हैं। यह बयान न केवल बिहार की महिलाओं का, बल्कि हर महिला का अपमान है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article