बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEVO) भर्ती के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को अभ्यर्थियों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए तीन चरणों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। वहीं, ऐसे उम्मीदवार जो फॉर्म नहीं भर पाएं हैं, उन्हें भी निराश होने की जरूरत नहीं है क्योंकि इस भर्ती की एप्लिकेशन विंडो फिर से खुल रही है।

दोबारा से आवेदन करने का मौका
बीपीएससी 5 दिसंबर यानी आज से से सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी पदों के लिए दोबारा से आवेदन शुरू कर रहा है। अभ्यर्थी 12 दिसंबर 2025 तक आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर फॉर्म भर सकते हैं।योग्यता और प्रमाणपत्रों की वैधता वही मानी जाएगी जो पहले जारी विज्ञापन में 26 सितंबर 2025 की अंतिम तारीख तक निर्धारित थी।
अभी तक हुए इतने आवेदन
इस भर्ती में 9.7 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो बीपीएससी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। कुल रिक्तियों की संख्या 935 है, जिसमें 374 पद अनारक्षित, 93 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 150 पद अनुसूचित जाति, 10 पद अनुसूचित जनजाति, 168 पद अत्यंत पिछड़ा वर्ग, 112 पद पिछड़ा वर्ग और 28 पद पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
तीन चरणों में होगी परीक्षा
आयोग द्वारा जारी किए नोटिस के मुताबिक बिहार एईडीओ भर्ती की परीक्षा तीन चरणों में 10 एंव 11 जनवरी 2026, 12 एंव 13 जनवरी 2026, 15 और 16 जनवरी 2026 को आयोजित होनी संभावित है। ऐसे में फॉर्म भरने के तुरंत बाद आप परीक्षा की तैयारी भी शुरू कर सकते हैं।
ऐसे होगा उम्मीदवारों का चयन
इस पद के लिए चयन प्रक्रिया में केवल एक लिखित परीक्षा शामिल है। इसमें इंटरव्यू नहीं होगा। प्रश्नपत्र ऑब्जेक्टिव प्रकार के होंगे और गलत उत्तर देने पर एक तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। परीक्षा में तीन विषय शामिल होंगे। सामान्य भाषा, सामान्य अध्ययन और सामान्य योग्यता। सामान्य भाषा के अंतर्गत अंग्रेजी के 30 अंक और हिन्दी के 70 अंक निर्धारित हैं, जबकि सामान्य अध्ययन और सामान्य योग्यता दोनों ही 100-100 अंकों के होंगे। प्रत्येक पेपर दो घंटे होगी।

