Bihar: बिहार चुनावः पहले चरण की 10 हॉट सीटें, जिनपर लगी हैं सबकी निगाहें

Neelam
By Neelam
6 Min Read

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोचिंग जारी है। पहले चरण के मतदान में 121 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहे हैं। जिनपर कुल 1314 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे चुनिंदा चुनावी सूरमा मैदान में हैं, जो लगातार चर्चाओं के केंद्र में बने हुए हैं। इस चरण में न केवल नीतीश कैबिनेट के मंत्री, बल्कि लालू यादव के दोनों बेटे और कई बाहुबली नेता भी चुनावी दंगल में अपनी ताकत आजमा रहे हैं। जिन सीटों पर ये दिग्गज दांव लगा रहे है वो बिहार की सबसे हॉट सीटें बन गई हैं।

बिहार में पहले फेज की 10 सबसे हॉट सीटों पर सियासी पारा चरम पर है। कहीं उपमुख्यमंत्री मैदान में हैं, तो कहीं भोजपुरी सितारे और ट्रांसजेंडर उम्मीदवार चुनावी अखाड़े में हैं। आइए जानते हैं इन दिलचस्प सीटों का हालः

राघोपुर में तेजस्वी यादव के सामने हैट्रिक लगाने की चुनौती

राघोपुर बिहार की सबसे हॉट सीट है। इस सीट से राजद सुप्रीमो प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव और महागठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव मैदान में हैं। उन्हें राघोपुर के ही दिग्गज बीजेपी नेता सतीश कुमार यादव ने चुनौती दी है। सतीश यादव वही नेता हैं जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को हराया था। वो भी एक या दो हजार नहीं बल्कि 13,006 वोटों से। सतीश यादव ने इस जीत के बाद इलाके में दबदबा कायम कर लिया था। उस वक्त वो जदयू के टिकट पर राघोपुर से चुनावी मैदान में उतरे थे। हालांकि इस बार सतीश कुमार यादव जदयू से चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।

छपरा में चमकेगा का खेसारी लाल का सियासी सितारा?

सारण यानी छपरा जिला लालू प्रसाद यादव और राजीव प्रताप रूडी जैसे हाई प्रोफाइल नेताओं की राजनीतिक जमीन होने की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहता है। यहां की छपरा विधानसभा सीट हॉट सीटों में से एक है जहां के आरजेडी की तरफ से भोजपुरी सिनेमा के सुपर स्टार खेसारी लाल यादव चुनाव लड़ रहे हैं। जिनका मुकाबला बीजेपी की छोटी कुमारी से हैं, जो जिला परिषद अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। बीजेपी ने यहां से लगातार दो बार के विधायक डॉ. सी. एन. गुप्ता की जगह छोटी कुमारी को टिकट दिया है।


तारापुर में सम्राट चौधरी की अग्निपरीक्षा

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने आरजेडी के अरुण कुमार साह हैं, जिनसे सीधी टक्कर मानी जा रही है। जन सुराज के संतोष कुमार सिंह और तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल के सुखदेव यादव भी मुकाबले को बहुकोणीय बना रहे हैं।

विजय सिन्हा जीत का सिलसिला रख सकेंगे बरकरार

बिहार के दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से लगातार विधायक हैं। 2020 में उन्होंने कांग्रेस के अमरेश कुमार को हराया था। इस बार भी वही आमने-सामने हैं। लखीसराय को एनडीए का अभेद्य किला माना जाता है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में विजय सिन्हा ने कांग्रेस उम्मीदवार अमरेश कुमार को 10,483 वोटों से हराया था।

महुआ में तेजप्रताप क्या कर पाएंगे वापसी?

महुआ विधानसभा सीट पर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव चुनाव लड़ रहे हैं। लालू यादव द्वारा पार्टी से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव महुआ से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी टक्कर आरजेडी विधायक मुकेश रोशन से है। तेजस्वी यादव ने तेज प्रताप के खिलाफ प्रचार भी किया था। साल 2015 में तेज प्रताप भी महुआ विधानसभा सीट से पहली बार जीतकर विधायक बने थे। साल 2020 में तेज प्रताप ने महुआ छोड़कर समस्तीपुर के हसनपुर से जीत दर्ज की थी।

मोकामा बाहुबलियों की टक्कर ने बनाया हॉट सीट

मोकामा सीट पर दो बाहुबली आमने-सामने हैं। एक तरफ जदयू के अनंत सिंह हैं, जिनकी गिरफ्तारी चर्चा में रही, तो दूसरी ओर आरजेडी के टिकट पर सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी मैदान में हैं। जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या ने माहौल को और संवेदनशील बना दिया है।

संजय सरावगी छठवीं बार जीत के लिए मैदान में

दरभंगा विधानसभा सीट जिले की सबसे हॉट सीट है, यहां से मंत्री संजय सरावगी लगातार पांच बार बीजेपी विधायक रह चुके हैं और छठवीं बार जीत के लिए मैदान में उतरे हैं। इस बार इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है, यहां से वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी और जनसुराज की तरफ से आरके मिश्रा मैदान में हैं।

मैथिली की लोकप्रियता को वोट में बदलने की कोशिश होगी कामयाब?

अलीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी ने लोक गायिका मैथिली ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर मैथिली को जिताने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रचार कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस सीट की खुद निगरानी कर रहे हैं। मैथिली का मुकाबला आरजेडी के विनोद मिश्रा और जनसुराज के बिप्लव चौधरी से है।

जाले में चलेगा जीवेश मिश्रा?

जाले विधानसभा सीट पर मंत्री जीवेश मिश्रा बीजेपी उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस से ललित नारायण मिश्र के पोते ऋषि मिश्र से है।

भरोसा काम रख पाएंगे नितिन नवीन?

यह पटना की शहरी सीट है, जहां बीजेपी के नितिन नवीन लगातार जीतते आ रहे है। इस बार भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। उन्हें चुनौती देने के लिए आरजेडी ने रेखा गुप्ता को उतारा है।

Share This Article