Bihar: बिहार में बाढ़ से 17 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, गंगा-कोसी समेत कई नदियां उफान पर

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में नदियों ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार मूसलाधार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। नदियों में बढ़े जलस्तक के कारण बिहार में बाढ़ का संकट भी बढ़ता जा रहा है। गंगा, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, पुनपुन, घाघरा समेत दस नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।  जिससे राज्य के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 17 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक प्रभावित भागलपुर जिले में 75 पंचायतों की करीब 4.16 लाख आबादी बाढ़ की मार झेल रही है।

नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंचा

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने एक बयान में कहा, पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के चलते गंगा, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और घाघरा नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। भोजपुर, पटना, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, सारण, मुंगेर, खगड़िया, सुपौल और बेगूसराय जिलों के कुछ स्थानों पर ये नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके अलावा नेपाल में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है।

बिहार के 10 जिलों में बाढ़ का असर

विभाग ने बताया कि राज्य में 10 जिलों के 1,144 गांवों के 17,62,374 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बयान में कहा गया कि भागलपुर जिले के 343 गांवों में कुल 4,16,801 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, बेगूसराय में 187 गांवों में 3,15,596 लोग, भोजपुर में 168 गांवों में 2,55,926 लोग, मुंगेर में 218 गांवों में 2,50,700 लोग, वैशाली में 76 गांवों में 2,28,000 लोग, खगड़िया में 62 गांवों में 1,40,373 लोग, पटना में 78 गांवों में 1,00,858 लोग और सारण जिले में बाढ़ से 42,170 लोग प्रभावित हुए हैं।

बचाव कार्य के लिए करीब 1,160 नाव लगाई गई

बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य के लिए करीब 1,160 नाव लगाई गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की कुल 32 टीमों को लगाया गया है। बयान में कहा गया कि बिहार के किसी भी हिस्से से अब तक किसी की मौत की खबर नहीं है।

अभी राहत के आसार नहीं

 मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार से शुक्रवार तक पूरे बिहार में बारिश की गतिविधियां चरम पर रहेंगी, और उसके बाद भी अगले सप्ताह की शुरुआत तक रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी। उत्तर बिहार में भारी वर्षा की संभावना है जबकि दक्षिण बिहार में मध्यम बारिश होगी। बीते 24 घंटे में नालंदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया में 35.3, मोतिहारी में 35.0 और पटना में 33.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Share This Article