Bihar:आज बिहार पुलिस को मिलेंगे 21391 सिपाही, सीएम नीतीश सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार पुलिस को आज बड़ी संख्या में सिपाही मिलने वाले हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज नवचयनित 21 हजार 391 सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित होगा। नीतीश कुमार ने खुद इसकी जानकारी दी है।

सोशल मीडिया पर सीएम नीतीश कुमार ने लिखा कि बिहार में कानून का राज स्थापित है। विधि व्यवस्था सुढृढ़ रहे, यह शुरू से हमारी प्राथमिकता रही है। कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए बिहार में लगातार पुलिसकर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है।

सीएम नीतीश का लालू-राबड़ी पर तंज

Advertisement

यही नहीं, सीएम नीतीश कुमार लालू-राबड़ी पर तंज कसने से भी नहीं चूके। नीतीश ने लालू-राबड़ी राज की याद दिलाते हुए कहा कि 24 नवम्बर 2005 को नई सरकार बनने के समय बिहार पुलिस में कार्यरत बल की संख्या मात्र 42,481 थी। वर्ष 2006 से कानून व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए पुलिस बल की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की गई। बिहार सरकार ने तय किया है कि पुलिस बल की संख्या को और बढ़ाना है। इसके लिए कुल दो लाख 29 हजार से भी अधिक पदों का सृजन कर तेजी से पुलिसकर्मियों की बहाली की जा रही है। स्वीकृत बल के अनुरूप सभी पदों को इस साल के अंत तक भर दिया जाएगा। इससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति बढ़ेगी और आम नागरिकों की बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।

चयनित अभ्यर्थियों के बीच खुशी का माहौल

सिपाही चयन के लिए 2023 में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसके लिए लिखित परीक्षा अगस्त 2024 में छह चरणों में आयोजित हुई। इसमें करीब 17 लाख 87 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया था, जिसमें 11 लाख 95 हजार 101 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा की पूरी प्रकिया के बाद अब 28 जून को नवचयनित 21 हजार 391 सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपने की तैयारी है। इसे लेकर चयनित अभ्यर्थियों के बीच खुशी का माहौल है।

Share This Article