Bihar: बिहार की सड़कें अमेरिका जैसी बनेंगी…गडकरी बोले-ऐसा तीर चलाइए की अंजा-पंजा-गंजा सब हवा में उड़ जाएं

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में अंतिम दौर के चुनाव प्रचार में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सारण पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार की जनता से बड़े वादे किए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह बिहार की सड़कें अमेरिका जैसी बना देंगे। जनता से एनडीए की सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि आप ऐसा तीर छोड़िए कि सबकी दुकान बंद हो जाए। अंजा, पंजा, गंजा सब हवा में उड़ जाए।

बिहार की सड़कों को अमेरिका जैसी बनाने का वादा

सोमवार को सिवान में एनडीए की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि मैं बिहार की सड़कों को अमेरिका जैसी बना दूंगा। उन्होंने कहा कि मैं बिहार के राष्ट्रीय राजमार्गों को वर्ल्ड स्टैंडर्ड के बनाकर दूंगा। ये मेरा वचन है। मैं एक से एक ब्रिज बना दूंगा। कोई कठिनाई नहीं है। कुछ भी किया जा सकता है। मैं आप पर कोई एहसान नहीं कर रहा हूं। ये आपका पैसा है।  आप मालिक हैं और हम नौकर। हम ईमानदारी से आपकी सेवा करते हैं। इसीलिए आपने हमें चुना है।

बिहार में सड़क परियोजनाओं का जिक्र

नितिन गडकरी ने बिहार में सड़क परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वे करीब पांच लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर कार्य कर रहे हैं, जिससे प्रदेश का चेहरा बदल जाएगा। उन्होंने राजद शासन काल की चर्चा करते हुए कहा कि उस समय सड़कें बदहाल थीं, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने सड़कों की स्थिति बदली है।

अंजा, पंजा, गंजा सब हवा में उड़ जाए-गडकरी

गडकरी ने जनता से एक बार फिर एनडीए के पक्ष में वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि आप ऐसा तीर छोड़िए कि सबकी दुकान बंद हो जाए। अंजा, पंजा, गंजा सब हवा में उड़ जाए। उन्होंने एनडीए के पक्ष में वोट की अपील करते हुए कहा कि अगर आप नीतीश कुमार को फिर से जीताएंगे, तो बिहार की सड़कें अमेरिका जैसी बनेंगी। 

कब होंगे बिहार में चुनाव?

इस साल कुल 243 विधानसभा सीटों पर दो चरण में चुनाव आयोजित करवाए जाएंगे। पहले चरण के लिए 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। आज प्रचार-प्रसार का अंतिम दिन है। आखिरी दिन सभी दल खूब जोर लगा कर लोगों को रिझाने में जुटे हुए हैं। इसके बाद 14 नवंबर को सभी उम्मीदवारों की किस्तम का फैसला होगा यानि नतीजों का ऐलान होगा।

Share This Article