Bihar: पटना में घर से महिला वकील का शव बरामद, अधजली लाश मिलने से इलाके में फैली सनसनी

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार की राजधानी पटना में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कदम कुआं इलाके में पटना हाई कोर्ट की सीनियर महिला वकील की अधजली लाश मिली है। कदमकुआं थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर रोड नंबर-2 स्थित मकान से महिला अधिवक्ता की अधजली लाश बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। 

दो मंजिला मकान में अकेली रहती थी

मृतका की पहचान डॉ. इंदिरा लक्ष्मी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे राजेंद्र नगर स्थित अपने दो मंजिला मकान में अकेली रहती थीं। उनके पति अमरेंद्र कुमार फिलहाल झारखंड के रांची में रहते हैं, जबकि उनकी बेटी बेंगलुरु में रहती है। घटना की सूचना दोनों को दे दी गई है।

हाई कोर्ट और सिविल कोर्ट में करती थीं प्रैक्टिस

इधर, जानकारी होने पर कदम कुआं थाने की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि इंदिरा लक्ष्मी की उम्र तकरीबन 60 साल थी। वह पटना हाई कोर्ट के साथ-साथ सिविल कोर्ट में बैठती थीं। वह दोनों ही जगहों पर प्रैक्टिस करती थीं। इसके अलावा वह कानूनी क्षेत्र में काफी एक्टिव थीं।

मर्डर या सुसाइड पुलिस कर रही जांच

पुलिस सूत्रों की मानें तो मामला संदिग्ध है। घर के अंदर शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकि से जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला वकील इंदिरा लक्ष्मी किसी दुर्घटना का शिकार हुईं या फिर उनके साथ कोई अनहोनी घटी।

Share This Article