बिहार विधानसभा चुनाव के लिए छठ पर्व के संपन्न होते ही एक बार फिर से मैदान में हुंकार भरने की तैयारी हो चुकी है। छठ पर्व के बाद एक बार फिर प्रचार अभियान हो गया है। एनडीए और महागठबंधन दोनों ओर से ताबड़तोड़ रैलियां की जा रही हैं। एनडीए की तरफ से अमित शाह, सीएम नीतीश कुमार, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, रेखा गुप्ता (दिल्ली सीएम), मोहन यादव (एमपी सीएम) समेत कई नेता मोर्चा संभाल रहे हैं। वहीं महागठबंधन की तरफ से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक साथ मंच साझा कर रहे हैं। राहुल गांधी-तेजस्वी यादव एक साथ एक मंच से मुजफ्फरपुर और दरभंगा से महागठबंधन उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी रैली करेंगे।

राहुल-तेजस्वी की संयुक्त रैली
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच आज कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी मुजफ्फरपुर जिले के सकरा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की यह बिहार में पहली जनसभा है। इस मंच पर राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहेंगे। तीनों नेता मिलकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधेंगे। सकरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार उमेश कुमार राम चुनाव मैदान में हैं, जबकि मुजफ्फरपुर नगर सीट से मौजूदा विधायक विजेंद्र चौधरी पार्टी के प्रत्याशी हैं। दोनों नेता आज राहुल गांधी की रैली में मंच साझा करेंगे।
अमित शाह की ताबड़तोड़ रैली
चुनावी सरगर्मी के बीच आज यानी बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी ताबड़तोड़ रैली करने वाले हैं। शाह आज मैथिली ठाकुर के लिए अलीनगर में लोगों से वोट मांगेंगे। दोपहर सवा 12 बजे अमित शाह की दरभंगा के अलीनगर में रैली है। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे अमित शाह समस्तीपुर के रोसड़ा और फिर 3 बजे बेगूसराय के भगवानपुर में चुनाव प्रचार करेंगे।
राजपुर मैदान में आज गरजेंगे योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सीवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे। वे राजपुर खेल मैदान में एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी विकास कुमार सिंह उर्फ जीसू सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।योगी आदित्यनाथ की सभा को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं और प्रशासन सतर्क है। स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता में रैली को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
राजनाथ-रेखा गुप्ता और मोहन यादव भी मैदान में
वहीं दूसरी तरफ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दरभंगा के हायाघाट में एक चुनावी जनसभा करेंगे। फिर वो बाढ़ और छपरा में भी रैली करेंगे। जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्रीा रेखा गुप्ता मुजफ्फरपुर और पटना साहिब में चुनावी रैलियां करने जा रही हैं। एमपी के सीएम मोहन यादव को बांका, भागलपुर और मधेपुरा में आज की चुनावी रैली की जिम्मेदारी दी गई है।

