Bihar: चिराग पासवान के शेखपुरा से चुनाव लड़ने की चर्चा, पोस्टर ने बढ़ायी हलचल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर दांव पेंच की सियासत शुरू हो चुकी है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के चुनाव लड़ने की खबर ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। हालांकि, चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इस बीच चिराग पासवान के शेखपुरा से चुनाव लड़ने की चर्चा शुरू हो गयी है। दरअसल, राजधानी पटना और शेखपुरा में चिराग के स्वागत में पोस्टर लगाए गए, जिसमें उन्हें ‘बिहार का भविष्य’ बताया गया है। पटना की सड़कों पर लगे पोस्टर में लिखा है- मैं चिराग जी हूं, 169 शेखपुर विधानसभा आपका इंतजार कर रही है।

चिराग को बताया- बिहार की उम्मीद

लोक जनशक्ति पार्टी के शेखपुरा जिला अध्यक्ष इमाम गजाली द्वारा पटना में बनाए गए एक पोस्टर में पासवान से शेखपुरा से चुनाव लड़ने का आग्रह किया गया है। पोस्टर में चिराग पासवान की तस्वीर प्रमुखता से दिखाई गई है और साथ में संदेश लिखा है, “बिहार की उम्मीद का नाम चिराग है।”

बहनोई अरुण भारती का बड़ा बयान

इससे पहले चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती ने भी संकेत दिया था की वो विधानसभा तुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि चिराग को किसी सामान्य सीट से चुनाव लड़ना चाहिए। चिराग पासवान के बहनोई और जमुई से सांसद अरुण भारती ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान हमेशा कहते हैं कि उनकी राजनीति बिहार केंद्रित है और उनका विजन “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” एक विकसित और आत्मनिर्भर बिहार का संकल्प है। अरुण भारती ने कहा कि जब मैं प्रदेश प्रभारी के रूप में गांव-गांव गया, हर जगह लोगों की एक ही मांग थी कि चिराग जी को अब बिहार में बड़ी भूमिका निभानी चाहिए। हाल ही में पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास हुआ कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में खुद चुनाव लड़ें। साथ ही साथ, कार्यकर्ताओं की यह भी भावना है कि इस बार वे किसी आरक्षित सीट से नहीं, बल्कि एक सामान्य सीट से चुनाव लड़ें।

हाजीपुर से सांसद हैं चिराग

चिराग पासवान हाजीपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद और मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। चिराग कुमार पासवान वर्तमान मोदी 3.0 कैबिनेट में कैबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने 9 जून 2024 को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के रूप मे शपथ ली थी। उन्हें पीएम मोदी का हनुमान भी कहा जाता है। पीएम मोदी के साथ उनके रिश्ते काफी अच्छे हैं और देना हमेशा गर्मजोशी के साथ मिलते हैं।

Share This Article