Bihar: बिहार में करारी हार के बाद एक्शन में कांग्रेस, 43 नेताओं को थमाया कारण बताओ नोटिस

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस ने महज 6 सीटों पर जीत दर्ज की है। विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी की अंदरूनी कलह भी सामने आ गई है। कांग्रेस ने अपने 43 नेताओं को नोटिस दिया है और 21 नवंबर तक जवाब देने की मोहलत दी है। 

पार्टी विरोधी गतिविधियों पर मांगा जवाब

बिहार कांग्रेस द्वारा बताया गया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने के कारण कांग्रेस पार्टी की अनुशासन समिति ने कई नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। चुनाव के दौरान इन नेताओं ने पार्टी लाइन से हटकर बयान दिए थे, जिससे पार्टी छवि खराब हुई और इसका खामियाजा कांग्रेस को चुनाव में भुगतना पड़ा।

21 नवंबर तक की मोहलत

प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव के अनुसार संबंधित सभी नेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे दिनांक 21 नवंबर 2025 को दोपहर 12 बजे तक अपना लिखित स्पष्टीकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में अनुशासन समिति विवश होकर कठोर कार्रवाई करेगी, जिसमें कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासन भी सम्मिलित है। 

इन नेताओं को शोकॉज नोटिस

कांग्रेस ने जिन नेताओं को नोटिस जारी किया गया है, उनमें पूर्व मंत्री अफाक आलम, पूर्व प्रवक्ता आनंद माधव, पूर्व विधायक छत्रपति यादव, पूर्व मंत्री वीणा शाही, पूर्व एमएलसी अजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक गजानंद शाही उर्फ मुन्ना शाही, सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी, बांका जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कंचना कुमारी, सारण जिला अध्यक्ष बच्चू कुमार बीरू, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष राज कुमार राजन भी शामिल हैं।

किस पार्टी को मिली कितनी सीटें

हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने जबरदस्त जीत हासिल की है। 243 सीटों में से एनडीए ने 202 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं 89 सीट जीतकर बीजेपी प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने 85 सीटें जीती है। लोजपा (आर) ने 19, हम ने 5 और आरएलएम ने 4 सीटें जीती। महागठबंधन में राजद ने 25, कांग्रेस ने 6 सीटें जीती। इसके अलावा CPI (ML) (L) ने 2, सीपीआई (एम) और आईआईपी ने एक-एक सीटें जीती।

Share This Article