विधानसभा के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन सदन में सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच जमकर बहस हुई। विपक्ष के हंगामे और सत्ता पक्ष के बीच बहस के दौरान स्पीकर नंदकिशोर यादव सदन की कार्यवाही स्थगित करने का निर्देश दिया। बिहार विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के नेताओं के साथ प्रेस कांफ्रेंस किया। तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सत्तापक्ष और खासकर डेप्युटी सीएम विजय कुमार सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने डेप्युटी सीएम को ये तक कह दिया कि उनको कुछ नहीं आता है केवल कैमरे पर बने रहने के लिए कुछ भी बोलते हैं।

तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के नेताओं के साथ प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि आप सभी ने आज सदन की कार्यवाही देखी होगी। हम लोग एसआईआर पर चर्चा कर रहे थे। कल हमने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष अपना प्रस्ताव रखा था और आज उनके अनुमति से हमें बोलने का मौका मिला। हम लोग ईसी के हलफनामे के बारे में अपनी बात रख रहे थे। इसी बीच सत्ता पक्ष के कुछ लोग, मंत्री और उप मुख्यमंत्री, बहुत हल्की बातें कर रहे थे। ऐसे लोग सदन की गरिमा गिराते हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा बकवास करते हैं- तेजस्वी यादव
तेजस्वी ने कहा कि हम तो स्पीकर की अनुमति से बोल रहे थे। तभी उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा का कॉमेंट आता है, जिन्हें कुछ आता जाता नहीं है। बकवास करते हैं। दिनभर उनका काम हाइलाइट में और कैमरे में बने रहने का रहता है। उनका बयान आता है -‘यही बोलता रहेगा क्या, कितना बोलेगा। क्यों बोलने दिया जा रहा है।’ इस तरह का बयान कितना अमर्यादित है। सदन में विपक्ष का नेता नहीं बोलेगा तो कौन बोलेगा।
भाई वीरेंद्र ने कोई गलत बात नहीं की- तेजस्वी यादव
तेजस्वी ने आगे कहा कि अगर डेप्युटी सीएम ने मेरे ऊपर टिका टिप्पणी करके बोले तो भाई वीरेंद्र जो कहा क्या गलत कहा। डेप्युटी सीएम मुझे कह रहे थे कैसे बोलेगा, क्यों बोल रहा है, क्यों बोलेगा। इसपर भाई वीरेंद्र ने बिल्कुल ठीक जवाब दिया कि विधानसभा किसी के बाप का है क्या। सदन जनता के लिए है, जनता का है। उनका नाम तो नहीं लिया भाई वीरेंद्र ने। ना उनके पिताजी का नाम लिया। जो भाई वीरेंद्र ने कहा कोई गलती नहीं की। जनता विरोधी दल बोल रहा है, स्पीकर ने उसे समय दिया है तो डेप्युटी स्पीकर रोकने वाले कौन होते हैं। वो कौन होते हैं कि सदन में कौन कितना देर बोलेगा। मैं स्पीकर को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने डेप्युटी सीएम को लताड़ने का काम किया।
खुरपाती उप मुख्यमंत्री उछल कूद करने लगे- तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि अब सरकार में बैठे लोग वोटर को चुन रहे हैं, पहले वोटर सरकार चुनते थे। ये लोग लगभग अस्सी लाख कुल वोटर में से लगभग आठ लाख वोटर का नाम काट रहे हैं। जब वोटर लिस्ट से नाम ही काट देंगे, तब योजनाओं का लाभ लोगों को नहीं मिलेगा। यह बड़ी साजिश है। आज बड़ी गंभीर चर्चा होने वाली थी। लेकिन मुख्यमंत्री समझ ही नहीं पाए। उनके खुरपाती उप मुख्यमंत्री उछल कूद करने लगे।