बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने के लिए बीते गुरुवार को नामांकन कर दिया। हालांकि, जेडीयू के कार्यकर्ताओं में इसको लेकर काफी गुस्सा है। जेडीयू कार्यकर्ताओं के बाद कुछ मंत्री भी नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के विरोध में मुखर होने लगे हैं। नीतीश कुमार सरकार में जेडीयू कोटे से मंत्री जमा खान ने साफ कहा है कि वो भी नीतीश कुमार के इस फैसले से आहत हैं।
बिहार के सभी लोग उन्हें दिल से प्यार करते हैं-जमा खान
मंत्री जमा खान ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को लेकर कहा, अपने नेता को मैं दिल से प्यार करता हूं। बिहार के सभी लोग दिल से प्यार करते हैं। हम तो पिछले 6 साल से ही उनसे जुड़े थे और उनके साथ काम करने का मौका मिला।
पूरा बिहार तड़प रहा-जमा खान
मंत्री जमा खान ने कहा पूरा बिहार तड़प रहा है। बिहार नहीं चाहता कि नीतीश कुमार बिहार छोड़ कर जाएं। हमारे नेता को न परिवार न जात न धर्म से मतलब है। उनका केवल एक ही लक्ष्य है, बिहार का विकास। जमा खान ने कहा कि इस बात को अचानक से स्वीकार करना मुश्किल है कि नीतीश कुमार बिहार छोड़कर राज्यसभा जा रहे हैं।
अचानक खबर मिलने से समर्थक परेशान
कार्यकर्ताओं के भड़कने पर उन्होंने कहा कि ‘वो ऐसा न करें, नेता लोगों से मुलाकात करेंगे। नेता जहां भी रहेंगे हमारे नेता रहेंगे। नीतीश कुमार ने इतना प्यार ही दे दिया है कि लोग आहत हैं। लोगों को अचानक न्यूज मिली है तो लोग परेशान हैं। लेकिन निशांत जी को हमलोग ला ही रहे हैं। वो इंजीनियर हैं, काबिल हैं।’

