बॉलीवुड के प्लेबैक सिंगर उदित नारायण एक बार फिर विवादों में हैं। सिंगर की पर्सनल लाइफ को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, उदित नारायण पहली पत्नी के साथ विवादों के लेकर सुर्खियों में हैं। सिंगर की पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने उनके खिलाफ सुपौल के महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सिंगर के साथ उनके भाईयों और दूसरी पत्नी के खिलाफ शिकायत
उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने सुपौल महिला थाना में उनके, उनके दो भाइयों और दूसरी पत्नी के खिलाफ आपराधिक आरोपों सहित एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है।
धोखे से गर्भाशय निकलवाने का आरोप
रंजना ने आरोप लगाया कि उनका गर्भाशय आपराधिक साज़िश के तहत इलाज के बहाने बिना जानकारी निकलवा दिया गया और उन्होंने धोखा, उत्पीड़न और वादाखिलाफी जैसे आरोप भी लगाए हैं। रंजना अब बीमारी और आर्थिक तंगी के बीच न्याय की उम्मीद लेकर थाने का दरवाजा खटखटा रही हैं।
पहली पत्नी ने क्या आरोप लगाया
रंजना झा की शिकायत के मुताबिक, 1996 में उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक बड़े हॉस्पिटल में ले जाया गया। उनका दावा है कि वहां उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका गर्भाशय निकाल दिया गया। रंजना का कहना है कि उन्हें इस फ्रॉड का पता कई साल बाद तब चला जब वह किसी दूसरी बीमारी के इलाज के लिए डॉक्टर के पास गईं।
1984 में उदित नारायण से हुई थी शादी
बता दें कि उदित नारायण और रंजना ने 7 दिसंबर 1984 को शादी की थी। उन्होंने पूरे रीति रिवाज के साथ फेरे लिए थे। अब रंजना ने उदित नारायण पर उत्पीड़न करने और वादा खिलाफी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि वो इन दिनों बीमारी और तंगहाली से परेशान हैं और न्याय की गुहार लगाने के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
उदित नारायण ने मुंबई में दूसरी शादी की
रंजना झा से शादी के कुछ समय के बाद ही उदित करियर बनाने के लिए मुंबई चले आए थे, जिसकी वजह से उनके और रंजना के बीच दूरियां बढ़ने लगी थी। उदित नारायण ने बाद में मुंबई में दूसरी शादी कर ली थी। रंजना को इस बात की जानकारी मीडिया के जरिए पता चली थी।
घर में घुसने नहीं दिया गया
रंजना का कहना है कि जब वह मुंबई पहुंची तो उसे उदित नारायण के घर में जगह नहीं मिली। उनका आरोप है कि उन्हें अंदर जाने से रोका गया। निराश होकर वह नेपाल में अपने ससुराल चली गई, लेकिन वहां भी हालात ठीक नहीं थे। आखिर में उसे अपने माता-पिता के घर में शरण लेनी पड़ी। अब इस उम्र में वह सेहत की दिक्कतों और पैसे की तंगी से जूझ रही है। उनका कहना है कि उन्होंने बहुत इंतजार किया, लेकिन हालात नहीं बदले, इसलिए कानूनी मदद लेनी पड़ी।

