Bihar: बिहार के पूर्व डीजीपी बने कर्मचारी चयन आयोग के अध्‍यक्ष, आलोक राज को रिटायरमेंट के दिन मिली नई जिम्मेदारी

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी आलोक राज को अब बिहार कर्मचारी चयन आयोग का स्थायी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। इससे पहले वे इस पद के अतिरिक्त प्रभार में थे, लेकिन अब सरकार ने उन्हें पूर्णकालिक जिम्मेदारी सौंप दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

आज से संभालेंगे नया पदभार

आलोक राज को डीजीपी पद से सेवानिवृत्त के तुरंत बाद उन्हें आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, आलोक राज की यह नियुक्ति 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। वे इस पद पर अगले पांच वर्षों तक या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक बने रहेंगे। इस दौरान आयोग से जुड़ी सभी भर्ती प्रक्रियाओं, परीक्षाओं और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी उन्हीं के पास होगी। सरकार ने उनके अनुभव को देखते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

झारखंड और बंगाल में दे चुके हैं योगदान

वर्तमान में आलोक राज बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक सह प्रबंध निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पूर्व डीजीपी आलोक राज बिहार के अलावे झारखंड और बंगाल में भी काम कर चुके हैं। आईपीएस बनने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग पटना में एएसपी के रूप में हुई थी। जिसके बाद उन्होंने पुलिस कप्तान के रूप में गुमला, देवघर, रांची, हजारीबाग, पश्चिम सिंहभूम, सीतामढ़ी और बेगूसराय में काम कर चुके हैं।

वीरता और विशिष्ट सेवा के लिए कई सम्मान

आलोक राज को उनके उत्कृष्ट पुलिस कैरियर के लिए तीन बार महामहिम राष्ट्रपति द्वारा पदक से सम्मानित किया गया। उन्हें वर्ष 1994 में पुलिस वीरता पदक, वर्ष 2008 में सराहनीय सेवा पदक और वर्ष 2016 में विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। वर्ष 2019 में उन्हें उत्कृष्ट पुलिस कार्यों के लिए अटल रत्न सम्मान से भी नवाजा गया।

Share This Article