भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन मंगलवार को पहली बार दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। इसके साथ ही पटना का माहौल पूरी तरह से राजनीतिक जश्न में बदल गया। जैसे ही नितिन नवीन दोपहर करीब 12:30 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरे उनका ज़ोरदार स्वागत किया गया। पटना एयरपोर्ट से नितिन नवीन रथ पर सवार होकर निकले और यहीं से उनके भव्य रोड शो की शुरुआत हुई।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने किया स्वागत
नितिन नवीन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजधानी पहुंचे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद संजय जायसवाल, मंत्री दिलीप जायसवाल और कार्यकर्ता मौजूद थे।
नितिन नवीन हाथ जोड़े आए नजर
पटना एयरपोर्ट से लेकर बेली रोड होते हुए मिलन हाईस्कूल ग्राउंड तक नितिन नवीन के लिए रोड शो में शामिल होने के लिए भाजपा नेताओं की भीड़ उमड़ी। नितिन नवीन रथ पर सवार होकर रोश शो के लिए निकले। इस रोड शो के दौरान नितिन नवीन हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। रोड शो में महिलाओं की भी भीड़ दिखी। नितिन नवीन अपना स्वागत देखकर गदगद हो उठे।
ऊंट-हाथी और बुलडोजर के साथ शानदार स्वागत
नितिन नवीन का स्वागत खास बनाने के लिए, एयरपोर्ट से बीजेपी ऑफिस तक की सड़कों को बीजेपी के रंगों से सजाया गया था। रोड शो के लिए हाथी और ऊंट भी लाए गए थे। बीजेपी नेता बेली रोड पर बुलडोजर पर खड़े दिखे और बुलडोजर से नितिन नवीन पर फूल बरसाए गए। इस दौरान, महिला पार्टी कार्यकर्ता भोजपुरी गाने “जोड़ी मोदी-नीतीश के हिट हो गईल” (मोदी-नीतीश की जोड़ी हिट हो गई है) पर नाचती दिखीं, जिससे उत्सव जैसा माहौल बन गया। पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ थी, ढोल बज रहे थे, नारे लग रहे थे और फूल बरसाए जा रहे थे।

