पिछले कुछ समय से अपनी ही पार्टी की बखिया उधेड़ रहे तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने नीतीश कुमार सरकार के विकास कार्यों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि मैं 20 साल में बिहार का विकास देखकर चकित हूं। नालंदा साहित्य महोत्सव में भाग लेने के लिए बिहार आए शशि थरूर ने कहा कि बिहार को लेकर उनकी पहले जो धारणाएं थीं, वे अब पूरी तरह बदल चुकी हैं।

बिहार में अब सब कुछ अच्छा लग रहा है-थरूर
नालंदा साहित्य महोत्सव के दौरान जब थरूर से पत्रकारों ने पूछा गया कि बिहार में उन्हें क्या बदलाव नजर आया, तो शशि थरूर ने कहा कि वह कई सालों बाद बिहार आए हैं। उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने यहां की स्थिति को लेकर नकारात्मक बातें सुनी थीं, लेकिन अब हालात बदले हुए दिखते हैं।
थरूर ने की बिहार की सड़कों की तारीफ
कांग्रेस सांसद ने बिहार की सड़कों की तारीफ की। उन्होंने कहा, सड़कों की स्थिति बेहतर है, रात के समय लोग बाहर नजर आ रहे हैं, बिजली व्यवस्था सुधरी है और पानी की आपूर्ति भी ठीक है। उनके अनुसार कुल मिलाकर बिहार में अब सब कुछ अच्छा लग रहा है।
सीएम नीतीश के बारे में क्या बोले थरूर?
नीतीश कुमार के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस सांसद ने टालमटोल करते हुए कहा कि मुझे यहां राजनीति में मत घसीटिए। मैं निश्चित रूप से इस प्रगति को देखकर बहुत खुश हूं। बिहार की जनता और उनके प्रतिनिधि इसके लिए श्रेय के पात्र हैं।
नालंदा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र
शशि थरूर ने नालंदा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नालंदा ज्ञान और विरासत की धरती रही है और यहां साहित्य उत्सव का आयोजन होना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने याद किया कि करीब 20 साल पहले उन्होंने इस विषय पर लिखा था, जब तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने नालंदा को पुनर्जीवित करने की बात कही थी। तब उन्होंने नालंदा की परंपरा और विरासत को 21वीं सदी के संदर्भ में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया था।

