Bihar: हिजाब विवाद: नुसरत परवीन को मिला एक और मौका, सरकार ने फिर बढ़ाई जॉइनिंग डेट

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की नीतीश सरकार ने आयुष चिकित्सक डॉ. नुसरत परवीन समेत उन सभी डॉक्टरों को नौकरी ज्वाइन करने का एक और सुनहरा अवसर दिया है, जिन्होंने अब तक अपना योगदान नहीं दिया है।  बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान महिला डॉ. नुसरत परवीन का हिजाब उनके चेहरे से खींचकर नीचे कर दिया था। जिसके बाद काफी विवाद भी हुआ था। वहीं, उस महिला डॉक्टर ने अब तक नौकरी जॉइन नहीं की है।

7 जनवरी तक बढ़ाई जॉइनिंग की तारीख

महिला डॉक्टर नुसरत परवीन ने 31 दिसंबर 2025 तक अपनी ड्यूटी जॉइन नहीं की थी, उन्हें स्वास्थ्य विभाग ने एक और मौका दिया है। पटना के सिविल सर्जन डॉ अविनाश सिंह ने पहले कहा था कि निर्धारित समय के बाद जॉइनिंग संभव नहीं होगी, लेकिन अब विभाग ने उदारता दिखाते हुए इसे 7 जनवरी तक बढ़ा दिया है। 

नियुक्ति को लेकर संशय बरकरार

डॉ नुसरत परवीन की नियुक्ति को लेकर संशय बरकरार है। जॉइनिंग की अंतिम तिथि बीत जाने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी उम्मीदवारी रद्द हो जाएगी, लेकिन सरकार ने उन्हें एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है। हालांकि, नुसरत की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या सूचना साझा नहीं की गई है कि वे ड्यूटी जॉइन करेंगी या नहीं।

सरकार ने दिया दूसरा मौका

दरअसल, महिला डॉक्टर नुसरत परवीन को पटना सदर अस्पताल में नियुक्ति दी गई थी, लेकिन अब तक वह नौकरी जॉइन नहीं कर रही हैं। पहले उन्हें 20 दिसंबर तक जॉइन करना था, लेकिन नुसरत नौकरी पर नहीं आईं। इसे देखते हुए सरकार ने जॉइनिंग डेट 31 दिसंबर तक बढ़ा दी, जिसे फिर बढ़ाकर 7 जनवरी किया गया है।

विवाद क्या है सीएम नीतीश कुमार से जुड़ा हिजाब ?

ये घटना 15 दिसंबर 2025 को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित एक सरकारी नियुक्ति कार्यक्रम के दौरान हुई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नवनियुक्त आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इसी दौरान जब डॉक्टर नुसरत परवीन अपना नियुक्ति पत्र लेने मंच पर पहुंचीं, तो मुख्यमंत्री ने उनके हिजाब को लेकर टिप्पणी की और उसे हटाने का प्रयास किया। इसका वीडियो भी सामने आया था। जिसके बाद पूरे देश में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।

Share This Article