बिहार विधान परिषद में आज भारी हंगामा देखने को मिला। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि सभापति के निर्देश पर मार्शलों को वेल में उतरना पड़ा और आरजेडी समेत विपक्ष के सदस्यों को बाहर कर दिया गया।
सीएम नीतीश से माफी मांगने की मांग
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन मंगलवार को विपक्ष के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। वे सदन में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच हुई तीखी बहस को लेकर गुस्सा जाहिर कर रहे थे और इस पर सरकार से जवाब चाहते थे। वे नीतीश कुमार से माफी मांगने की मांग कर रहे थे। उन्होंने राज्य में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों को लेकर भी सत्ता पक्ष से सवालों के जवाब मांगे।
सुनील सिंह और अशोक चौधरी में झड़प की स्थिति
इस दौरान आरजेडी के एमएलसी सुनील सिंह और जेडीयू के मंत्री अशोक चौधरी में झड़प वाली स्थिति हो गई। अशोक चौधरी ने सुनील सिंह से कहा कि “तुम्हारी कोई औकात नहीं”, जबकि सुनील सिंह ने भी पलटवार करते हुए आयकर से जुड़ी टिप्पणी कर दी। इस दौरान दोनों एक-दूसरे को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए।
मार्शलों ने विपक्षी सदस्यों को सदन से बाहर किया
आरजेडी विधायक वेल में पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। हंगामे को देखते हुए मार्शल भी सदन में पहुंच गए। सभापति के आदेश के बाद मार्शलों ने विपक्षी सदस्यों को सदन से बाहर किया। सभापति ने कहा कि सत्ता पक्ष के सदस्यों द्वारा लिखित में आवेदन दिया गया है कि विपक्ष द्वारा सदन की कार्रवाही बाधित की जाती है और इसमें मेरा विशेष अधिकार है मैं इसको जांच के लिए भेज रहा हूं।
सदन के बाहर भी विपक्ष का हंगामा
दूसरी ओर सदन में जाने से पहले भी बिहार विधान परिषद परिसर में विपक्ष के नेताओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा था। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सहित विपक्ष के नेताओं ने बिहार विधान परिषद के मुख्य गेट पर तख्ती लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरजेडी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने तंज कसते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री होश-ओ-हवास में नहीं हैं। वह कभी किसी का नकाब उतार देते हैं तो कभी किसी की टोपी उतरवा देते हैं। कल तो राज्य की प्रथम महिला मुख्यमंत्री रहीं राबड़ी देवी को लेकर अपशब्द का प्रयोग किया।
नीतीश ने राबड़ी देवी को कहा था ‘ई लड़की’
इससे पहले सोमवार को विधान परिषद में प्रश्नोत्तर काल में आरजेडी के सदस्य नीट छात्रा की संदिग्ध मौत, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर आरोप लगा रहे थे। उन्होंने वेल में आकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी। इसी दौरान नाराज हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष की नेता राबड़ी देवी से बहस शुरू की। नीतीश कुमार ने रबड़ी देवी के बारे में कहा, ”ई कोई काम की है। ई जो लड़की है। इसका जो है हट गया तो कुछ दिन बाद इसको बना दिया। ई लोग कोई काम किया है। ई तीन गो जो बोल रही है, तुम बोल रहे हो। आज तक महिला के लिए कोई काम किया। किसी महिला को आगे बढ़ाया? हम लोगों की सरकार द्वारा पूरा काम किया गया। तब बिहार काफी आगे बढ़ा। इन लोगों ने तो कोई कामे नहीं किया। यहां आके खड़ा है। इन लोगों पर एक्शन लेना चाहिए।”

