Bihar:लालू-राबड़ी के करीबी सुनील सिंह की बढ़ी मुश्किलें, गबन के आरोप में FIR दर्ज

Neelam
By Neelam
3 Min Read

राष्ट्रीय जनता दल एमएलसी सुनील सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है।  एमएलसी सुनील सिंह, उनकी पत्नी और बेटे के खिलाफ 43.86 लाख रुपये के गबन का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला आशा इंटरप्राइजेज की प्रोप्राइटर मेघा की शिकायत पर दर्ज हुआ। बता दें कि सुनील सिंह को लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का करीबी माना जाता है।

सुनील सिंह के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में FIR दर्ज कराया गया है।  FIR के अनुसार, आशा इंटरप्राइजेज की प्रोप्राइटर मेघा ने आरोप लगाया कि सुनील सिंह और उनके परिवार ने उनकी फर्म से चना दाल की खरीद के लिए 43.86 लाख रुपये लिए। यह राशि अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई, लेकिन न तो दाल की आपूर्ति हुई और न ही पैसे वापस किए गए। मेघा ने दावा किया कि सुनील सिंह ने अपने रसूख का इस्तेमाल कर उन्हें धमकाया और भुगतान से इनकार कर दिया। पुलिस ने IPC की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया है।

सुनील सिंह और उनके परिवार के खिलाफ सबूत का दावा

दूसरी ओर, मेघा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनके पास बैंक ट्रांजेक्शन और संदेशों के सबूत हैं, जो सुनील सिंह और उनके परिवार की संलिप्तता को साबित करते हैं। यह मामला तब सामने आया जब बिहार की सियासत पहले से ही तेज प्रताप यादव के निष्कासन से गरमाई हुई है।

अपनी सदस्यता को लेकर थे चर्चा में

सुनील सिंह इससे पहले बिहार विधानसभा परिषद में अपनी सदस्यता को लेकर चर्चा में रहे थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आपत्तिजनक पर टिप्पणी करने के मामले में उनकी विधानसभा परिषद की सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। इस फैसले को सुनील कुमार सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनील कुमार सिंह को राहत देते हुए उनकी सदस्यता बहाल करने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि सुनील सिंह का व्यवहार अनुचित है, लेकिन विधान परिषद की आचार समिति का फैसला ज्यादा सख्त था। सदन को उदारता दिखानी चाहिए।

Share This Article