भारतीय जनता पार्टी ने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने उनको इस पद के लिए चुना है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनकी संगठन क्षमता, चुनावी रणनीति, प्रशासनिक अनुभव और जमीनी पकड़ को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।

14 जनवरी के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की हो सकती है औपचारिक घोषणा
भाजपा ने रविवार को अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का एलान कर दिया। बिहार में भाजपा के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी ने कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया है, जो कि पूर्ण अध्यक्ष के चुनाव तक भाजपा संगठन के सर्वेसर्वा होंगे। 14 जनवरी के बाद नितिन नवीन के बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की औपचारिक घोषणा हो सकती है। ऐसे में वो बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।
पीएम मोदी ने नितिन नवीन को दी बधाई
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी। पीएम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए नितिन नवीन की तारीफ करते हुए उन्हें समृद्ध संगठनात्मक अनुभव वाला एक युवा और मेहनती कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा ‘नितिन नवीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कई बार का प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है। पीएम ने आगे कहा ‘नितिन नवीन ने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूत करेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।
जेपी नड्डा की जगह लेंगे नितिन नवीन
बता दें कि जेपी नड्डा को 2019 में अमित शाह के गृह मंत्री बनने के बाद भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। 2020 में उन्हें भाजपा का पूर्ण अध्यक्ष चुन लिया गया। यूं तो उनका कार्यकाल तीन साल का था, लेकिन पहले 2024 के लोकसभा चुनाव और फिर अलग-अलग राज्यों में कार्यकारिणी के चुनाव पूरे न हो पाने की वजह से भाजपा के अगले अध्यक्ष का चुनाव रुका रहा। ऐसे में जेपी नड्डा ने पहले 2020 से 2024 तक और फिर 2024 से 2025 तक एक साल के एक्सटेंशन पर पार्टी का कार्यभार संभाला। इस लिहाज से नितिन नवीन के ही भाजपा का पूर्णकालिक अध्यक्ष बनने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, इसका एलान खरमास के बाद किए जाने की संभावना है।

