Bihar: नितिन नवीन ने दिया मंत्री पद से इस्तीफा, बीजेपी कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद फैसला

Neelam
By Neelam
2 Min Read

नितिन नवीन ने बिहार सरकार के मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना त्यागपत्र सौंप दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन ने बिहार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

नितिन नवीन के इस्तीफे के साथ ही बिहार में इस बार चर्चा तेज हो गई है कि अब पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी किसे मिलेगी। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि उनके पास रहे पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की ज़िम्मेदारी अब किस मंत्री को मिलती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इन विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे नवीन

नितिन नवीन बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दोनों ही विभाग राज्य के विकास से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। उनके कार्यकाल में सड़कों के निर्माण, शहरी आधारभूत संरचना और नगर विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर काम किया गया। पार्टी और सरकार के भीतर उनकी छवि एक सक्रिय और कार्यकुशल मंत्री के रूप में रही है।

बीजेपी में एक व्यक्ति एक पद का फॉर्मूला

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक नितिन नवीन के हाल ही में पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष (कार्यकारी) बनाया है। बीजेपी में एक व्यक्ति एक पद का फॉर्मूला लागू है। ऐसे में नितिन नवीन जब पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं तो वे बिहार सरकार में मंत्री नहीं रह सकते हैं। इसके पहले ऐसा ही दिलीप जायसवाल के साथ भी हुआ था। दिलीप जायसवाल बिहार सरकार में मंत्री हैं तो उन्हें भी बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ा था। बीजेपी ने दिलीप जायसवाल की जगह संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।

Share This Article