बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर चल रहे चुनाव प्रचार का शोर थम गया है। अब 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टी के दिग्गजों ने ताबड़तोड़ रैलियां की हैं। हालंकि, इस दौरान अगर किसी की सबसे ज्यादा चर्चा है तो वो हैं प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आखिरी वक्त तक अपने जोश और सक्रियता से विरोधियों की बोलती बंद कर दी।

नीतीश ने विरोधियों को यूं दिया जवाब
करीब 24 दिनों के प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 84 जनसभाएं कीं है। सीएम नीतीश ने बिना थके, बिना रुके अपना सियासी पराक्रम दिखाया। बिहार चुनाव का बिगुल बजने से पहले जो लोग सीएम नीतीश की बढ़ती उम्र पर सवाल उठा रहे थे। उन पर आरोप था कि वे थक चुके हैं, बीमार हैं, उम्रदराज हैं और अब पहले जैसे फुर्तीले नहीं रहे। उनलोगों को उन्होंने मुश्किल हालात में भी ताबड़तोड़ रैलियां और जनसभाएं कर करारा जवाब देने की कोशिश की है।
दो दिनों की बारिश के दौरान किया रोड शो
जदयू से मिली जानकारी के अनुसार 73 जगहों पर मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से पहुंचे और 11 जनसभाओं के लिए वह सड़क मार्ग से पहुंचे। इतनी सभाओं के बावजूद जदयू के 17 प्रत्याशियों के लिए मुख्यमंत्री की सभा नहीं हो सकी। एक विधानसभा क्षेत्र में जब मुख्यमंत्री पहुंचे तो आसपास के कई विधानसभा क्षेत्रों के एनडीए प्रत्याशियों के लिए उन्होंने जनसंपर्क किया। चुनाव के दौरान बीच में दो दिनों की बारिश के दौरान मुख्यमंत्री ने रोड शो भी किया।
सड़क मार्ग से एक हजार किलोमीटर का सफर
जदयू कार्यालय ने रविवार को मुख्यमंत्री की चुनावी सभाओं का ब्योरा जारी किया। सड़क मार्ग से उन्होंने 1000 किमी की यात्रा की। सड़क मार्ग से अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने कई जगहों पर एनडीए प्रत्याशियों से भेंट भी की। वहां मौजूद लोगों के साथ संवाद भी किया। चुनाव प्रचार के दौरान बीच में दो दिन हेलीकाप्टर नहीं उड़े। इस दौरान मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से समस्तीपुर होते हुए दरभंगा पहुंच गए। उन्होंने वहां रोड शो किया। इसके अगले दिन भी उन्होंने पास के जिले में रोड शो किया। रोड शो में आए लोगों से उन्होंनें कई जगहों पर संवाद भी किया।
तेजस्वी यादव ने की सबसे ज्यादा जनसभाएं
विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए अमूमन हर नेता ने ताबड़तोड़ जनसभाएं की। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सबसे ज्यादा 189 जनसभाएं की। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 20 और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने 18 जनसभाएं की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेताओं ने भी ताबड़तोड़ जनसभाएं की। पीएम मोदी ने बिहार चुनाव में 14 जनसभाएं की। अमित शाह ने 35 जनसभाएं की।

