बिहार के नवादा जिले के सरकारी विद्यालयों में ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिले में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की लापरवाही सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने 539 शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

वेतन कटौती से लेकर निलंबन तक की चेतावनी
करीब 539 शिक्षकों को डीईओ दीपक कुमार ने मंगलवार यानी 06 जनवरी को नोटिस जारी किया है। डीईओ द्वारा जारी पत्र में कठोर कार्रवाई तक की चेतावनी दी गई है, जिसमें वेतन कटौती से लेकर निलंबन तक के प्रावधान शामिल हो सकते हैं।
स्पष्ट स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर होगी कार्रवाई
डीईओ के पत्र में लिखा गया है, “दिनांक 06.01.2026 को ई-शिक्षाकोष पोर्टल से प्राप्त शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति के अनुसार जिले के कुल 539 प्रधानाध्यापक / प्रभारी प्रधानाध्यापक / प्रधान शिक्षक / विद्यालय अध्यापक / विशिष्ट / नियोजित शिक्षक / शिक्षिका द्वारा ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी उपस्थिति विलंब से दर्ज की गई है जो अत्यंत खेदजनक एवं विभागीय निर्देश का उल्लंघन करने का परिचायक है। निर्देश दिया जाता है कि 24 घंटे के अंदर अपना-अपना स्पष्टीकरण समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे। स्पष्ट स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने की स्थिति में संबंधित पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। इसे गंभीरता पूर्वक लेंगे।”
किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर समय पर उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जारी आदेश में उल्लेख है कि ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से लागू किया गया है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में विद्यालयों द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं किया जाना अत्यंत खेदजनक है।

