Bihar:पटना एयरपोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, 10 दिन में दूसरी बार धमकाया गया

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पटना के जय प्रकाश नारायण एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एयरपोर्ट के डायरेक्टर को धमकी भरा मेल आया है। मेल में पूरे एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है। जानकारी मिलते ही मौके पर बम निरोधक दस्ता पहुंच गया। हालांकि किसी भी तरह का संदिग्ध सामान नहीं मिला है।

पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शुक्रवार, की रात 9:09 बजे एक संदिग्ध बम धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। यह ईमेल एयरपोर्ट डायरेक्टर के आधिकारिक मेल आईडी पर pk_nawas@outlook.com से भेजा गया था, जिसे रात 9:50 बजे देखा गया। धमकी की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। रात 10:05 बजे बम धमकी मूल्यांकन समिति (BTAC) की आपात बैठक पटना हवाई अड्डे के प्रशासनिक भवन में स्थित कान्फ्रेंस हॉल में बुलाई गई। इस बैठक में हवाई अड्डा प्राधिकरण, स्थानीय पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे

10 दिन पहले भी मिली थी धमकी

बता दें कि इससे पहले 1 जुलाई को भी इसी तरह की धमकी एयरपोर्ट को मिली थी। उस समय भी सुरक्षा बलों ने व्यापक छानबीन की थी, लेकिन धमकी झूठी साबित हुई थी। दोबारा मिली धमकी के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं और इसकी गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, धमकी भरा मेल आने के बाद एहतियातन कई उड़ानों की सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई और टर्मिनल के भीतर यात्रियों और उनके सामान की कड़ी निगरानी की गई।

इन हवाई अड्डों को भी मिली धमकी

पटना से पहले सोमवार 7 जुलाई को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह धमकी भी एयरपोर्ट डायरेक्टर को ईमेल की गई थी। सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी। हालांकि किसी भी तरह का संदिग्ध सामान नहीं मिला था। भोपाल और पटना से पहले हैदराबाद, बैंगलोर और कोलकाता एयरपोर्ट के लिए भी इस तरह की धमकी मिल चुकी है।

Share This Article