बिहार में पहले चरण के मतदान के लिए अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। 6 नवंबर को पहेल चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। इससे पहले दिग्गजों का बिहार दौरा जारी है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में जोरदार प्रचार किया। सहरसा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करते हुए पीएम मोदी ने बिहार में अगली सरकार एनडीए की बनाने के लिए वोट करने की अपील की। साथ ही विरोधी दलों पर जमकर निशाना साधा।

पीएम ने बताई आरडेडी-कांग्रेस की पहचान
पीएम मोदी ने कहा, आरडेडी और कांग्रेस की बदले की राजनीति के कारण सालों तक बिहार के लोगों को भुगतना पड़ा। एक समय था, जब कोसी-मिथिलांचल के बहुत बड़े हिस्से के लोगों को 300 किमी का सफर करके इस पार से उस पार जाना पड़ता था। आज ये सफर 30 किमी से भी कम रह गया गया है। आरडेडी हो या कांग्रेस, इनका विकास से दूर-दूर तक का कोई नाता नहीं है। एनडीए की पहचान विकास से है और आरडेडी-कांग्रेस की पहचान विनाश से है।
उनकी डिक्शनरी में बस कट्टा-क्रूरता…पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा, आरजेडी और कांग्रेस को विकास की भाषा समझ ही नहीं आती। उनकी डिक्शनरी में बस कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, कुशासन और करप्शन जैसे शब्द ही भरे हैं। जंगलराज की पाठशाला में इन्होंने बस यही सीखा है।
बिहार की विकास रफ्तार को और तेज करना है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार ने विकास की रफ्तार पकड़ ली है। अब इस रफ्तार को और तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, हमें मिलकर बिहार को और आगे बढ़ाना है। इसलिए फिर एक बार एनडीए की सरकार बननी चाहिए, ताकि बिहार में फिर से सुशासन की सरकार जारी रहे।
जीविका दीदी अभियान की आज देशभार में चर्चा
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के जीविका दीदी अभियान की आज देश में चर्चा हो रही है। नारी सशक्तीकरण के हमारे अभियान को बिहार में मुख्यमंत्री रोजगार योजना से भी बहुत बल मिला है। इस योजना को लेकर बिहार की हमारी बहनों में बहुत उत्साह दिख रहा है। बिहार की करीब 1.40 करोड़ बहनों के खाते में 10-10 रुपए हजार पहुंच चुके हैं। एनडीए ने घोषणा की है कि फिर सरकार बनने के बाद इस योजना का और विस्तार किया जाएगा। लेकिन, मैं बिहार की हर बहन बेटी से भी कहूंगा कि सतर्क रहिए, ये जंगलराज वाले आपको दी जा रही ऐसी हर मदद को रोकना चाहते हैं।
महिला क्रिकेट विश्व कप की विजय पर बधाई
पीएम मोदी ने कहा, बिहार हमेशा से ही नारी शक्ति का सशक्त स्थान रहा है। माता सीता हों, देवी भारती हों, विदुषी गार्गी जैसी अनगिनत महिलाएं-माताएं हमारी प्रेरणा हैं। नारी सशक्तिकरण की इस प्रेरक भूमि से मैं आज पूरे देश को महिला क्रिकेट विश्व कप की विजय पर बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कल मुंबई में भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया है। भारत ने पहली बार महिला क्रिकेट विश्व को जीता है। पूरे 25 साल बाद दुनिया को नया विश्वविजेता मिला है। ये गौरव भारत की बेटियों ने पूरे देश को दिया है।

