Bihar: पीएम मोदी का राजद-कांग्रेस पर हमला, बोले- इनके लिए छठी मैय्या की पूजा ड्रामा, ये अपमान बिहार बर्दाश्त नहीं करेगा

Neelam
By Neelam
6 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मैदान में उतर चुके हैं। पीएम मोदी ने मुफ्फरपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। पीएम ने अपने संबोधन की शुरुआत अमर शहीद खुदीराम बोस को नमन कर किया। उन्होंने कहा कि यहां की लीची की तरह ही आपलोगों की भी मिठास है। आपकी इतनी भीड़ बता रही है कि इस बार फिर से एनडीए सरकार आने वाली है। बिहार में फिर से सुशासन सरकार आएगी। 

छठ महापर्व को यूनेस्को की सूची में शामिल कराने की कोशिश- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, देश और दुनिया भर में छठ महापर्व मनाया जाता है। हम छठ के गीत सुनते हैं तो भावविभोर हो उठते हैं। छठी मइया की पूजा में मां की भक्ति है, उनकी पूजा में समता, ममता और सामाजिक समरसता है। छठी मइया की पूजा हमारी सांझी विरासत का उत्सव भी है। हमारी सरकार का प्रयास भी है कि दुनिया भी इन मूल्यों से सीखे। हमलोग कोशिश कर रहे हैं कि यूनेस्को की जो विश्व विरासत की सूची है, बड़ी जांच पड़ताल और लंबी प्रक्रिया के बाद बनती है। हमारी सरकार कोशिश कर रही है कि छठ महापर्व का नाम भी यूनेस्को की सूची में दर्ज हो जाए। इससे हर बिहारी को गर्व होगा।

कांग्रेस-राजद पर लगाया छठी मैय्या के अपमान का आरोप

पीएम मोदी ने कहा कि आपने देखा है कि आपका बेटा तो छठी मैय्या का जय जयकार पूरी दुनिया में कराने में लगा है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और राजद के लोग छठी मैय्या का अपमान कर रहे हैं। आप मुझे बताइए क्या कोई कभी चुनाव में वोट के लिए छठी मैय्या का अपमान कर सकता है? क्या बिहार यह अपमान सहन करेगा? राजद और कांग्रेस वाले कैसी बेशर्मी से बोल रहे हैं? उनके लिए छठी मैय्या की पूजा नौटंकी और ड्रामा है। वह छठी मैय्या का अपमान कर रहे हैं। जो भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं? जो 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं, उन्हें कांग्रेस और राजद वाले ड्रामा कहते हैं। यह हर उस व्यक्ति का अपमान है, जो छठी मैय्या में आस्था रखता है। छठ मैय्या के इस अपमान को बिहार सैकड़ों वर्षों तक भूलने वाला नहीं है। सैकड़ों वर्षों तक इस अपमान को छठी मैय्या का पूजा करने वाला नहीं भूलेगा। 

छठ गीतों पर नए अभियान की दी जानकारी

इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने एक और नए अभियान की शुरुआत करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नई पीढ़ी को छठ महापर्व के गीतों की महान परंपरा से जोड़ने और उसे राष्ट्रव्यापी ताकत देने के लिए, उनकी सरकार पूरे देश में विभिन्न कलाकारों के बीच एक स्पर्धा (प्रतियोगिता) का आयोजन करने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के गीतों की परंपरा को देशव्यापी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए एक नए अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को गीतों के माध्यम से छठ के संस्कार एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए, केंद्र सरकार पूरे देश में विभिन्न कलाकारों द्वारा छठ गीतों की एक प्रतिस्पर्धा (प्रतियोगिता) आयोजित करने जा रही है। पीएम ने बताया कि इस स्पर्धा का आयोजन अगले साल छठ पूजा से पहले किया जाएगा, और जनता ही ऑनलाइन माध्यम से यह चुनेगी कि उन्हें कौन से गीत सबसे ज्यादा अच्छे लगते हैं। जो गीत टॉप पर रहेंगे, उन्हें लिखने वाले और गाने वाले कलाकारों को अगले साल छठ पूजा से पहले सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

कट्टा-क्रूर-कटुता-कुशासन और करप्शन ही जंगलराज वालों की पहचान- पीएम मोदी

अपने संबोधन ने पीएम मोदी ने आरजेडी-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारा बिहार स्वाभिमान की धरती है। जिन लोगों ने छठ पूजा को गाली देने का काम किया है। बिहार ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा। एनडीए और भाजपा की पहली प्राथमिकता ही बिहार का विकास है। पीएम मोदी ने कहा कि कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन ही जंगलराज वालों की पहचान है। यह उनके साथियों की पहचान बन गई है।

आरजेडी-कांग्रेस के राज में विकास रूठ जाता है- मोदी

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जहां-जहां आरजेडी और कांग्रेस जैसी पार्टियों का राज रहा है। वहां से विकास रूठ जाता है। क्या ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला कर सकते हैं क्या? मोदी ने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए इंडस्ट्री चाहिए और उसे चलाने के लिए जमीन, बिजली चाहिए। लेकिन जिन लोगों का इतिहास जमीन कब्जाने वाला रहा है? जिन्होंने रेल को लूटा? जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए। क्या वे कानून का राज ला पाएंगे?

Share This Article