क्या राष्ट्रीय जनता दल टूटने वाला है? ये सवाल बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी के करारी हार के बाद उठ रहे हैं। इस चुनाव में राजद 25 पर सिमट गया। इतनी बड़ी हार के बाद भी राजद के सीएम इन वेटिंग तेजस्वी यादव गंभीर नहीं हैं। पार्टी निराशा में डूबी है और वे विदेश की सैर कर रहे हैं। राजद के विधायकों में पार्टी नेतृत्व को लेकर एक असमंजस है। इस बीच लालू यादव के पूर्व सहयोगी रहे बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने बड़ा दावा किया है।

आरजेडी ने कहा- दावा झूठा और राजनीतिक हथकंडा
भाजपा के वरिष्ठ नेता राम कृपाल यादव ने राजद के 25 विधायकों के संपर्क में होने के दावा किया है। राम कृपाल यादव के इस बयान पर बिहार में सियासत तेज है। आरजेडी ने इस दावे पर पलटवार किया है। जहानाबाद से राजद विधायक राहुल कुमार ने कड़ा पलटवार करते हुए इसे पूरी तरह झूठा और राजनीतिक हथकंडा करार दिया है।
सूची में तेजस्वी यादव का नाम होना हास्यासपद
जहानाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल कुमार ने कहा कि इस तरह के बयान केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राजद के सभी विधायक पूरी मजबूती के साथ पार्टी और जनता के बीच काम कर रहे हैं। राहुल कुमार ने हैरानी जताते हुए कहा कि कथित 25 विधायकों की सूची में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनका स्वयं का नाम शामिल बताया जा रहा है, जो पूरी तरह हास्यास्पद है।
क्या है रामकृपाल यादव का बयान?
इससे पहले बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के सभी 25 विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं। वे किसी भी समय हमारे साथ आ सकते हैं। तेजस्वी यादव की पार्टी खत्म हो चुकी है। वे जीरो पर आउट हो जाएंगे। मंत्री ने तेजस्वी यादव के विदेश जाने पर भी तंज कसा। कहा कि उनको हार बर्दाश्त नहीं हुआ। जनता के बीच जाने में शर्म हुआ तो भागकर विदेश चले गए। मैं गंभीरता के साथ कह रहा हूं कि उनके सभी 25 विधायक हमारी पार्टी के कॉन्टेक्ट में हैं। कभी भी वे भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। अपनी पार्टी संभालो, कुछ बचा नहीं है।

