Bihar: मोकामा में जन सुराज समर्थक की हत्या के बाद बढ़ा सियासी बवाल, अनंत सिंह और सूरजभान सिंह पर लग रहे आरोप

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार चुनाव के बीच अब खूनी खेल शुरू हो गया है। राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है और इस बीच मोकामा में गोलीबारी हो गई। गुरुवार को घोसवरी इलाके में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के काफिले पर हुए एक जानलेवा हमले में उनके समर्थक और रिश्तेदार दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के बाद बाहुबली अनंत सिंह और सूरजभान सिंह पर आरोप लगने लगे हैं।

बिहार के मोकामा में जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व विधायक अनंत सिंह ने इस हत्या के पीछे अपने विरोधी सूरजभान सिंह पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। वहीं, वहीं, जन सुराज ने दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप जदयू प्रत्याशी बाहुबली अनंत सिंह पर लगाया है।

अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह पर लगाया हत्या का आरोप

जनसुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की गोली मारकर और वाहन से कुचलकर हत्या के बाद मोकामा की चुनावी राजनीति में भारी उबाल देखा जा रहा है। पूर्व विधायक अनंत सिंह ने इस हत्या के पीछे अपने विरोधी सूरजभान सिंह पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह चाहता ही था कि किसी तरह का झगड़ा हो जाय, ताकि चुनावी माहौल खराब हो सके। अनंत सिंह ने बताया कि दुलारचंद को सूरजभान ने अपना शागिर्द बनाकर अपने पास रखा था। वह दिनभर सूरजभान की गाड़ी चलाता था।

जन सुराज ने बाहुबली अनत सिंह पर लगाया हत्या का आरोप

वहीं, जन सुराज ने दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप जदयू प्रत्याशी बाहुबली अनंत सिंह पर लगाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि यह घटना लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या की तरह है। हर प्रत्याशी को जनसंपर्क करने का अधिकार है। इस दौरान उनपर हमला करना, दबंगई दिखाते हुए गोली मारना और गाड़ी चढ़ाकर समर्थक की हत्या कर देना जघन्य अपराध है। उन्होंने आगे कहा कि बड़ी विडंबना तो यह है कि यह सब उनलोगों के इशारे पर किया गया है जो खुद को सुशासन समर्थक कहते हैं और जंगलराज का विरोध करने के नाम पर वोट मांग रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा

मोकामा में हुई घटना पर महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है, लोकतंत्र में विचारधारा और जनहित के मुद्दों की लड़ाई होती है। बमबारी और गोलीबारी की नहीं! तेजस्वी ने कहा कि सत्ता संपोषित दुर्दांत अपराधी एनडीए के महाजंगलराज में बाहर घूमकर तांडव मचा रहे हैं। बिहार में एक दारोगा अनिरुद्ध पासवान की निर्मम हत्या कर दी गयी। अपराध के लिए कुख्यात मोकामा में सत्ता संरक्षित गुंडों ने एक सामाजिक कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि एनडीए प्रत्याशियों का पत्रकारों को जान से मारने की बात करना और पूर्व में AK-47 की बरामदगी, इन सभी की परिणीति आज दिख रही है

Share This Article