बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले राज्य में सियासी सरगर्मी जोरों पर। खासकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर बढ़ता ही जा रही है। इस बीच जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने राजद के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव पर हमला बोला है। संजय झा ने तेजस्वी यादव को अपनी पार्टी की चिंता करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बार-बार जदयू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अनावश्यक टिप्पणी कर रहे हैं, जबकि उन्हें अपने दल की स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
तेजस्वी यादव अपनी पार्टी को देखें-संजय झा
मंगलवार को बोधगया के एक होटल में आयोजित जदयू के दो दिवसीय कार्यशाला के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा ने तेजस्वी यादव के द्वारा मुख्यमंत्री हाईजैक वाले बयान का जवाब दिया। संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री तो पूरे यात्रा पर निकले हैं और आगे भी निकलेंगे। तेजस्वी यादव को अब कोई जवाब नहीं मिल रहा है। तेजस्वी यादव को ज्यादा चिंता हमारी पार्टी की है। तेजस्वी यादव अपनी पार्टी को देखें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक सम्मानित नेता हैं, बिहार की बात करते हैं और तेजस्वी यादव अपनी पार्टी की बात नहीं करते हैं। वह हमारी पार्टी के बारे में बात करते हैं।
पूछा-उनकी पार्टी परिवार से बाहर है क्या?
जदयू नेता संजय झा सवालिया लहजे में पूछा की उनकी जो पार्टी है, परिवार से बाहर है? उनकी पार्टी परिवार की पार्टी है। उनके पार्टी में परिवार के बाहर कुछ नहीं है। सिर्फ परिवार में ही है और यह सब बात बिहार की जनता जानती है। इसलिए 20 साल से राजद को क्या मिला। आगे भी राजद को सत्ता नहीं मिलेगी।
चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने पर क्या बोले?
संजय झा ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि यह उनका अपना निर्णय है, उनकी अपनी पार्टी है और हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। वह अपना निर्णय खुद ले सकते हैं।