Bihar: रोहिणी के निशाने पर आए रमीज की यूपी में बढ़ने वाली है परेशानी, योगी ने मंगा ली पूरी क्राइम फाइल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य अपने बयानों के कारण चर्चा में हैं। बीते शुक्रवार को आए विधानसभा चुनाव परिणामों में आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन को बड़ी हार मिली। आरजेडी सिर्फ़ 25 सीटें ही जीत पाई जबकि महागठबंधन का खाता 34 सीटों पर ही सिमट गया। इन सबके बीच लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के बयान ने उनके परिवार में नया विवाद खड़ा कर दिया है। रोहिणी आचार्य ने अपने परिवार से नाता तोड़ने और राजनीति छोड़ने का एलान किया है।

रोहिणी ने अपने आरोपों में भाई तेजस्वी के अलावा जिन दो लोगों का ज़िक्र किया, उनमें से एक नाम रमीज़ का था जबकि दूसरा नाम आरजेडी के राज्यसभा सदस्य संजय यादव का था, जिन्हें तेजस्वी यादव का ‘राजनीतिक रणनीतिकार’ माना जाता है। इस बयान के बाद अचानक ही सबकी नजर जिस व्यक्ति पर जाकर टिक गई हैं, वो हैं रमीज खान।

यूपी में रमीज की क्रिमिनल हिस्ट्री

पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद रमीज अब तक लाइमलाइट से दूर थे, लेकिन लालू यादव को किडनी दान करने वाली उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने जब रमीज खान पर गंभीर आरोप लगाए, तो उनकी असलियत खंगाली जाने लगी। रोहिणी के बयान के बाद, यूपी में रमीज की क्रिमिनल हिस्ट्री अचानक से चर्चा में आ गई है और यूपी पुलिस के डीजीपी कार्यालय ने आनन-फानन में उनकी कुंडली तलब कर ली है।

हत्या, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 12 मुकदमे दर्ज

दरअसल, रोहिणी ने जिस रमीज का जिक्र किया, वह यूपी का रहने वाला है और सपा के पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद है। रमीज नेमत पर बलरामपुर के तुलसीपुर और कौशाम्बी के कोखराज थाने में हत्या, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर बलरामपुर की तुलसीपुर नगर पंचायत के चेयरमैन फिरोज पप्पू की गोली मारकर हत्या का आरोप है। इस मामले में वह अभी तक जेल में था और पिछले साल ही जमानत पर बाहर आया था। इस हत्याकांड में रमीज के ससुर रिजवान जहीर अभी भी जेल में बंद है।

भाजपा और सनातन के खिलाफ हेट कैंपेनिंग का आरोप

रमीज खान पर केवल आपराधिक मामले ही नहीं हैं, बल्कि राजनीतिक और सांप्रदायिक आरोप भी लगे हैं। रमीज पर आरोप है कि बिहार चुनाव के दौरान उसने आरजेडी के कुछ नेताओं के साथ मिलकर ‘सनातन धर्म’ के खिलाफ दुष्प्रचार किया था। इसके अलावा, कई राजनेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का भी आरोप है। कहा जा रहा है कि बिहार चुनाव में भाजपा और सनातन धर्म के खिलाफ हेट कैंपेनिंग चलाने की पूरी रणनीति रमीज खान ने ही बनाई थी।

Share This Article