पटना के छात्रावास में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के साथ कथित रेप और मौत मामले पर राबड़ी देवी के आरोप पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अगर राबड़ी देवी के पास कोई सबूत है तो पेश करें, 24 घंटे के भीतर कार्रवाई होगी।
जनता के सामने स्पष्ट रूप से नाम बताएं-सम्राट चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। अगर उन्हें पता है कि इस मामले में किसी मंत्री या मंत्री का बेटा शामिल है तो उन्हें जनता के सामने स्पष्ट रूप से नाम बताना चाहिए। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि नाम बताइए, मंत्री या मंत्री का बेटा हुआ तो 24 घंटे में जेल भेजूंगा।
सम्राट चौधरी का राबड़ी देवी पर पलटवार
सम्राट चौधरी ने कहा कि अगर नाम सार्वजनिक नहीं किया जाता है, तो इसका अर्थ है कि वो साक्ष्यों को छुपाने की कोशिश कर रही है।
राबड़ी देवी ने क्या कहा था?
बता दें, बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान राबड़ी देवी ने नीट छात्रा के मामले को उठाते हुए कहा था कि इस मामले में कोई मंत्री या मंत्री का बेटा शामिल है। राबड़ी देवी ने कहा था कि घटना के बाद पुलिस पूरे मामले को रफा दफा करने के उदेश्य से केस नहीं दर्ज की। परिजनों ने जब पूरे मामले की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे तो भी पुलिस ने इस मामले में अपनी सक्रियता नहीं दिखायी। पुलिस पूरे मामले को आत्म हत्या करार देने में लगी रही। पीड़िता की मौत के बाद पोस्मार्टम में रेप की संभावना सामने आने पर डॉक्टर को ही गलत साबित करने का प्रयास किया जाने लगा। पुलिस पर जब दबाव बढ़ा तो पटना पुलिस से मामले को लेकर एसआईटी को दे दिया गया। लेकिन, चित्रगुप्त नगर थाना की प्रभारी को इस केस में सक्रियता बनी रही। एसआईटी की भूमिका पर सवाल खड़े हुए तो पूरा मामले को रफा दफा करने के लिए केस को सीबीआई को दे दिया गया।

