Bihar: संगम कुमार साहू बने पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पटना उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू ने बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथग्रहण समारोह बिहार लोक भवन, पटना में आयोजित हुआ। इस समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। साथ ही उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्रीगण भी मौजूद रहे।

जस्टिस पी. बी. बजंथ्री की जगह ली

जस्टिस संगम कुमार साहू ने औपचारिक रूप से पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने पूर्व मुख्य न्यायाधीश पी. बी. बजंथ्री के सेवानिवृत्त होने के बाद यह जिम्मेदारी संभाली है।

कॉलेजियम की सिफारिश पर राष्ट्रपति की मुहर

जस्टिस साहू की नियुक्ति की प्रक्रिया पिछले महीने शुरू हुई थी। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 18 दिसंबर 2025 को हुई अपनी महत्वपूर्ण बैठक में जस्टिस संगम कुमार साहू के नाम की अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजी थी। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति की आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी। वर्तमान में पटना हाई कोर्ट में कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस सुधीर सिंह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

कौन हैं संगम कुमार साहू?

संगम कुमार साहू का जन्म 5 जून 1964 में हुआ है। उन्होंने कटक के एक हाई स्कूल से मैट्रिक तक की पढ़ाई की। इसके बाद स्टीवर्ट साइंस कॉलेज से उन्होंने आईएससी और बीएससी की डिग्री ली। उत्कल विश्वविद्यालय (भूवनेश्वर) से अंग्रेजी और ओड़िया में एमए की डिग्री ली। संगम कुमार साहू ने कटक के लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री लेकर ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में वकालत के लिए 26 नवंबर 1989 को बतौर वकील रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद 2 जुलाई 2014 को उन्हें ओडिशा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

Share This Article