Bihar: पीएम मोदी को ‘अपमान मंत्रालय’ बनाने का सुझाव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का प्रधानमंत्री पर कटाक्ष

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार में भी गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। हालांकि, विधानसभा चुनाव के लेकर प्रदेश का सियासी पारा गर्म है। चुनाव प्रचार के लिए सभी दलों को स्टार प्रचारक बिहार पहुंच रहे हैं। इस दौरान एक दूसरे पर रोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इकी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष किया है।

सोनबरसा में सोमवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हुए कहा कि उन्हें अलग से एक ‘अपमान मंत्रालय’ बनाना चाहिए ताकि वह बार-बार ‘अपमान की सूचियां’ बनाने में जो समय बर्बाद करते हैं, वो न करें। प्रियंका ने यह बात पीएम मोदी के विपक्ष के नेताओं पर देश और बिहार का अपमान करने का आरोप लगाए जाने के जवाब में कही।

ये लोग हमेशा अपमान की बात निकाल लेते हैं- प्रियंका

कांग्रेस सांसद ने कहा, प्रधानमंत्री जी और गृह मंत्री हमेशा अतीत की बात करते हैं। ये लोग हमेशा कहीं न कहीं से किसी के अपमान की बात निकाल लेते हैं। कर्नाटक में कहा कि विपक्ष ने कर्नाटक का अपमान किया। पश्चिम बंगाल में गए तो पश्चिम बंगाल के अपमान की बात की। बिहार में कह रहे हैं कि विपक्षी दल बिहार का अपमान कर रहे हैं। वह बड़ी-बड़ी सूचियां निकाल देते हैं कि इसने गाली दी, उसने गाली दी, अपमान किया। 

पीएम मोदी पर प्रियंका का तंज

प्रियंका गांधी ने तंज कसते हुए कहा, मैं प्रधानमंत्री को एक सुझाव देना चाहती हूं क्योंकि प्रधानमंत्री का समय बहुत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री का समय रोजगार उपलब्ध कराने, विकास को बढ़ावा देने और बड़े उद्योग स्थापित करने में लगना चाहिए। मेरा सुझाव है कि वे एक नया मंत्रालय बनाएं और उसका नाम ‘अपमान मंत्रालय’ रखें, ताकि उनका समय बरबाद न हो। जब आप अपनी नौकरी, अपने रोजगार के लिए विरोध करते हैं, और उन्हें लगता है कि किसी के सवाल उठाने से देश का अपमान हो रहा है, तो ‘अपमान मंत्रालय’ आपको तलब कर सकता है। मेरा यह भी सुझाव है कि यह मंत्रालय मेरे परिवार पर की गई सारी गलत टिप्पणियों का रिकॉर्ड रखे। इससे एक पूरी लाइब्रेरी भर जाएगी।

राहुल गांधी पर जुबानी हमलों पर प्रियंका का जवाब

प्रियंका गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर किए गए हमले के जवाब में आया है। प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी पर छठ पूजा को ‘ड्रामा’ कहकर उसका अपमान करने का आरोप लगाया था। मामला बिहार के मुजफ्फरपुर की रैली का है। राहुल गांधी ने दिल्ली में रेखा सरकार द्वारा छठ पूजा के लिए बनाए गए घाट का जिक्र किया था।

राहुल ने क्या बोला था

दरअसल, राहुल ने कहा था, यमुना का पानी गंदा है। अगर इसे कोई पी ले, तो या तो बीमार हो जाएगा या मर जाएगा। कोई इसके अंदर नहीं जा सकता। ये पानी इतना गंदा है कि अगर आप इसमें उतरेंगे, तो बीमार हो जाएंगे या आपको इंफेक्शन हो जाएगा। लेकिन पीएम मोदी ने नाटक किया। राहुल ने आगे कहा था, उन्होंने वहां एक छोटा सा तालाब बनवाया। चुनाव में वो आपको कुछ भी दिखा देंगे। पीछे से एक पाइप लगाया गया। उससे साफ पानी डाला जाता था। लेकिन दिक्कत ये हो गई कि किसी ने पाइप की फोटो खींच ली। राहुल के इस हमले को पीएम ने छठ का अपमान करार दिया था।

Share This Article