बिहार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ कुमार दास के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ कुमार दास के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तेज प्रताप ने पूर्व आईएएस पर उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।

तेज प्रताप का आरोप है कि अमिताभ दास ने एक यूट्यूब चैनल पर उनके निजी एवं पारिवारिक आंतरिक मुद्दों को लेकर गलत और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई है। सोशल मीडिया पोस्ट में तेज प्रताप ने इसे बेहद दुःखद और अक्षम्य बताया है।
तेज प्रताप का सोशल मीडिया पोस्ट
तेज प्रताप ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, पूर्व IPS अमिताभ कुमार दास द्वारा उसके News Nama Channel के माध्यम से मेरी छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए अनाप -सनाप, मनगढ़ंत एवं आधारहीन बातों को बोला गया है। एक पूर्व IPS के द्वारा मेरे निजी एवं परिवार के आंतरिक मुद्दों को लेकर गलत एवं आपत्तिजनक बातों को बोलना बेहद ही दुःखद और माफ करने योग्य नहीं है।
अमिताभ कुमार की किस बात से नाराज हैं तेज प्रताप?
बताया जा रहा है कि पूर्व आईपीएस अमिताभ कुमार दास ने हाल ही में एक यूट्यूब चैनल पर इंटरव्यू देते हुए तेज प्रताप यादव पर टिप्पणी की थी। तेज प्रताप से सरकारी आवास छीन लिए जाने पर तंज कसते हुए अमिताभ दास ने कहा था कि चूंकि तेज प्रताप की दो-दो पत्नियां ऐश्वर्या राय और अनुष्का यादव हैं, इसलिए वो उनमें से किसी के भी यहां घर जमाई बनकर रह सकते हैं।
दिलाई शबनम कांड की याद
तेज प्रताप ने आगे कहा कि इसलिए आज मैंने उदंड प्रवृत्ति रखने वाले इस पूर्व IPS अमिताभ कुमार दास के खिलाफ सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ये वही पूर्व IPS अमिताभ कुमार दास है जिसका नाम शबनम कांड में आया था।

