बिहार में वोटर लिस्ट रीविजन के खिलाफ विपक्षी दलों का महागठबंधन सड़कों पर उतरा है। आरजेडी, कांग्रेस और अन्य महागठबंधन विपक्षी दलों ने बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन के विरोध में बंद का ऐलान किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद सड़क पर उतरे हैं। दोनों युवा नेताओं ने पटना में मोर्चा संभाला है।

बिहार बंद के समर्थन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, वामदल के दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पटना में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। तीन नेता इनकमटैक्स गोलंबर पर पहुंचे। यहां से चुनाव आयोग के ऑफिस तक मार्च किया
राहुल गांधी ने किया महाराष्ट्र-हरियाणा का जिक्र
बिहार चुनाव से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद पहली बार एक साथ सड़क पर उतरे। बिहार बंद के दौरान पटना में लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव हुए। महाराष्ट्र चुनाव में इंडिया गठबंधन को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। मैंने ज्यादा कुछ नहीं कहा पर डेटा पर काम करना शुरू किया। वहां 1 करोड़ नए वोटरों को शामिल किया गया था। लोकसभा चुनाव से 10 प्रतिशत ज्यादा वोटर विधानसभा चुनाव में नामित हुए, जहां वोटर बढ़े, सभी वोट बीजेपी को गए। वहां गरीबों के वोट काटे गए। जब हमने मतदान केंद्र के वीडियो और वोटर लिस्ट मांगी, तो आज तक नहीं मिली। वीडियोग्राफी का कानून बदल दिया गया पर आज तक हमें कोई वीडियो नहीं दिया गया।
बिहार के गरीबों के हक छीनने की कोशिश की जा रही-राहुल गांधी
इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एनडीए सरकार और चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया। कहा कि जैसे महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया, वैसे ही बिहार के चुनाव को चोरी करने की कोशिश हो रही है। बिहार के गरीबों के हक छीनने की कोशिश की जा रही है। लेकिन, हमलोग ऐसा नहीं होने देंगे।