बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बिहार यात्रा के दौरान शनिवार को कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र में भारी हंगामा हो गया। कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र में उनके काफिले और एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं ने गठबंधन में शामिल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों ने उनकी पिटाई कर दी, जिससे हंगामा मच गया। झड़प में एआईएमआईएम के नेता अख्तर शहंशाह गंभीर रूप से घायल हो गए।

एआईएमआईएम नेता गंभीर हालत में डीएमसीएच में भर्ती
घटना बिरौल-गंडोल मुख्य सड़क कोटीपुल के पास हुई। बताया जा रहा है कि एआईएमआईएम के नेता अख्तर शहंशाह के नेतृत्व में कार्यकर्ता तेजस्वी यादव की गाड़ी के सामने पहुंचे और गठबंधन की मांग को लेकर नारे लगाने लगे।आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हटाने के दौरान लाठी-डंडों से मारपीट की। जिसमें अख्तर शहंशाह घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। बताया गया कि उनकी दाहिनी पैर में गंभीर चोट लगी है।
पीटाई के बाद एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं का हंगामा
घटना के बाद गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बिरौल के कोठी पुल के पास सड़क जाम कर दी और तेजस्वी यादव के बैनर-पोस्टर फाड़ दिए। उनका कहना था कि वे सुबह से तेजस्वी यादव के इंतजार में खड़े थे, लेकिन नेता प्रतिपक्ष ने संवाद करने की बजाय सीधे काफिले को आगे बढ़ा दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाया। स्थानीय थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया।

