पटना सिविल कोर्ट को बुधवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन ने एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया। अदालती कार्यवाही रोक दी गई और सुरक्षा कारणों से किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई।
कोर्ट परिसर में पुलिस ने शुरू किया तलाशी अभियान
जानकारी के अनुसार, धमकी की सूचना के बाद पीरबहोर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी जांच में लगाया गया। कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया।
पप्पू यादव की कोर्ट में होनी थी पेशी
बता दें कि आज पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की कोर्ट में पेशी होनी है। दो मामलों में जमानत पर सुनवाई होनी है। 31 साल पूराने धोखा धड़ी से मकान किराये पर लेने व कब्जा करने के मामले में जमानत मिल गयी है। लेकिन पप्पू यादव अभी जेल में हैं।
पिछले कुछ महीनों में छठी धमकी
पिछले कुछ महीनों में यह छठा मौका है जब इस तरह का धमकी भरा संदेश भेजा गया है, जिससे वकीलों और आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता गहरी हो गई है। फिलहाल कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच पूरी होने तक स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
जांच में जुटा साइबर सेल
धमकी ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है और आईपी एड्रेस सहित डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए यह जानने की कोशिश की जा रही है कि आखिर बार-बार इस तरह की धमकी कौन और किस मकसद से भेज रहा है।
भागलपुर और औरंगाबाद में भी मिली थी धमकी
वहीं, 9 फरवरी को ही पटना सिविल कोर्ट के साथ-साथ भागलपुर और औरंगाबाद सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सुरक्षा को लेकर वकीलों ने न्यायिक कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया था। भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती कोर्ट परिसर में कर दी गई थी। लेकिन कोई भी धमाका या फिर अनहोनी नहीं हुई थी.।

