Bihar: बिहार में पटना समेत 3 सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजधानी पटना सहित तीन जिलों में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। एक ही दिन में पटना, किशनगंज और गया सिविल कोर्ट को धमकी भरे संदेश आए हैं। धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है।

धमकी एक अज्ञात ई-मेल के जरिए दी गई है, जिसमें लिखा गया है कि कोर्ट परिसर में 3 RDX लगाए गए हैं और 2.30 बजे कोर्ट को बम से उड़ा देंगे। ये मैसेज कोर्ट को मेल के जरिए भेजे गए हैं।

ई-मेल से भेजे गए धमकी भरे संदेश

सबसे पहले पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल के माध्यम से भेजे गए इस संदेश के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तुरंत ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों की जांच शुरू की गई और प्रवेश व निकास पर सख्ती बढ़ा दी गई। डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।

सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

पटना के अलावा, किशनगंज सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। यहां भी धमकी ईमेल के माध्यम से आई है। धमकी मिलने के बाद सिविल कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई। एसपी सागर कुमार ने बताया कि धमकी तमिलनाडु से आई प्रतीत होती है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। कोर्ट मैनेजर ने धमकी की पुष्टि की है।

गया सिविल कोर्ट के पास भी आया मेल

पटना और किशनगंज के अलावा गया सिविल कोर्ट को इसी तरह की धमकी मिली। कोर्ट परिसर में जब बम होने की अफवाह फैली तो अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।  इस धमकी के बाद से पुलिस अलर्ट है और पूरे परिसर को खाली करा दिया गया।

पूरे प्रदेश में कोर्ट की सुरक्षा बढ़ी

धमकी की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के सभी कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।

Share This Article