बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ के बिहार दौरे से तापमान और चढ़ गया। बृहस्पतिवार को योगी पूर्व सांसद रामकृपाल यादव के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद दानापुर में उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान यूपी के सीएम योगी ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला।

सीएम योगी ने कहा कि बिहार के विकास को रोकने के लिए आरजेडी और कांग्रेस ने फिर एक शरारत शुरू की है। विकास बनाम बुर्के की शरारत शुरू की गई है। ऐसा तब है जब बिहार विकास की बात कर रहा है। जब बिहार के नौजवानों के मुंह पर विकास की चर्चा है, तब यहां पर बुर्के को लेकर कांग्रेस और आरजेडी ने नई बहस को आगे बढ़ाया है।
आरजेडी-कांग्रेस फर्जी पोलिंग की कोशिश में जुटे- योगी
सीएम योगी ने आरोप लगाते हुए कहा कि आरजेडी और कांग्रेस फर्जी पोलिंग की कोशिश में जुटी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या विदेशी घुसपैठियों को बिहार आकर यहां के नागरिकों के अधिकार में डकैती डालने की छूट देनी चाहिए? योगी आदित्यनाथ ने रैली मे आए लोगों से सीधा सवाल करते हुए पूछा, आप लोगों से मैं पूछना चाहता हूं, क्या इनको फर्जी पोलिंग करने का अधिकार देना चाहिए।
आरजेडी-कांग्रेस पर दुष्प्रचार का आरोप
योगी ने कहा, ये लोग दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। दुनिया में कहीं भी जाने पर अपनी पहचान दिखानी पड़ती है। चेहरा दिखाना पड़ता है। लेकिन ये लोग चाहते हैं कि बिना चेहरा और पहचान पत्र देखे, जिसकी मर्जी आए वह वोट डाल दे। इसीलिए यह चाहते हैं कि ईवीएम मशीन न रहे। ये लोग जबर्दस्ती मतदान कर गरीब के हक पर डाका डालते थे। फिर वही करने की कोशिश की जा रही है।
राम-सीता से जोड़ा यूपी-बिहार का संबंध
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध केवल एक संबंध नहीं है बल्कि एक साझी विरासत है। एक आत्मा का संबंध है, एक संस्कृति का संबंध है और एक संकल्प का भी संबंध है। यह संबंध उसी प्रकार से अटूट है जैसे भगवान राम और मां जानकी का संबंध अटूट है। उन्होंने महागठबंधन पर हमला बोला। कहा कि राजद और कांग्रेस में सिर्फ परिवार कल्याण है। हमारा परिवार आप सब लोग हैं। उत्तर प्रदेश में माफिया तो जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं। राजद के सहयोगी सपा वाले वहां पर इस अराजकता को फैलाते थे। आज उनकी क्या दुर्गति हो रही है?

