Bihar: मारा गया भागलपुर का कुख्यात अपराधी गुरुदेव, नवगछिया में पुलिस-एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के भागलपुर में एसटीएफ और पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। एसटीएफ और नवगछिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी गुरुदेव को मार गिराया गया है। नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली चौक से महज 500 मीटर दूर एक खेत में बीती रात कुख्यात अपराधी मुठभेड़ में मारा गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस और अपराधियों के बीच जमकर गोलीबारी हुई।

मुठभेड़ में कुख्यात गुरुदेव मंडल को उसके सीने मे गोली लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि इस दौरान छह सहयोगी अपराधी फरार भी हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई थी। घटनास्थल से पुलिस को कुछ खोखे भी बरामद हुए है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार, एसडीपीओ ओमप्रकाश, सर्किल इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।  

2022 में पुलिस पर की थी फायरिंग

कुख्यात गुरुदेव उर्फ फूफा, उर्फ सनोज, उर्फ प्रकाश, उर्फ जसमीत कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। उस पर मक्का लदे ट्रक की लूट, हत्या समेत दर्जनों संगीन मामले दर्ज थे और वह वर्षों से फरार चल रहा था। वर्ष 2022 में भी इसी कुख्यात गुरुदेव ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसमें तत्कालीन एसडीपीओ दिलीप कुमार बाल-बाल बच गए थे। उस मुठभेड़ में पुलिस ने गुरुदेव के पैर में गोली मारी थी और घटनास्थल से हथियार भी बरामद हुआ था।

कई सालों से चल रहा था फरार

बताया जा रहा है कि कुख्यात गुरुदेव मंडल पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिनकोल निवासी दशरथ मंडल का पुत्र था। वह फूफा गिरोह का सरगना था। तीन साल पहले एक ट्रक चालक से लूटपाट व हत्या के मामले में फरार चल रहा था। फूफा गिरोह का सरगना गुरुदेव मंडल नवगछिया के अलावा पूर्णिया और कटिहार जिलों में भी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। उस पर धमदाहा थाना में 2017 में लूट का मामला दर्ज है, वहीं कटिहार के फलका थाना में भी दो मामले लूटपाट से जुड़े दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 2022 में मक्का लदे ट्रक की लूट और ट्रक चालक की हत्या में भी गुरुदेव का नाम सामने आया था। उस मामले में भी पुलिस ने फायरिंग के दौरान उसे घायल कर दिया था, लेकिन वह फरार हो गया था। गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान यह मुठभेड़ हुई।

Share This Article